राज्यसभा के लिए 24 जुलाई को तय कार्यक्रम के मुताबिक मतदान नहीं होगा, क्योंकि इन सीटों पर किसी भी पार्टी ने विरोधी उम्मीदवार नहीं उतारा है। बता दें कि राज्यसभा के लिए पश्चिम बंगाल की छह, गुजरात की तीन और गोवा की एक सीट पर 24 जुलाई को मतदान होना तय किया गया था। विदेश मंत्री एस जयशंकर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता डेरेक ओ ब्रायन उन 11 नेताओं में शामिल हैं जिन्हें राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिया गया है।
वहीं, कांग्रेस को राज्यसभा में एक सीट का नुकसान और 30 सदस्यों की संख्या कम होने का अनुमान है। 24 जुलाई के बाद 245 सदस्यीय राज्यसभा में सात सीटें खाली हो जाएंगी। इनमें जम्मू-कश्मीर में चार सीटें, दो मनोनीत और उत्तर प्रदेश से खाली एक सीट शामिल हैं। इस तरह से राज्यसभा में कुल सीटें घटकर 238 रह जाएंगी और बहुमत का आंकड़ा 120 होगा। भाजपा और उसके सहयोगियों को मिलाकर सरकार के पास 105 सदस्य होंगे। भाजपा को पांच नामांकित और दो निर्दलीय सांसदों का समर्थन मिलना भी तय है। इस प्रकार सरकार के पक्ष में सदस्यों की संख्या 112 होगी, जो बहुमत के आंकड़े से आठ कम है।