पुलिस ने दर्ज किए अलग-अलग मामले
रायगडा के सदर थाने में अस्वभाविक मौत के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। मौत की जांच में सीआईडी की मदद के लिए दो फोरेंसिक एक्सपर्ट्स समेत सीबी टीम का गठन किया गया था। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, जांच एजेंसी ने रायगडा के पास एक श्मशान घाट से एंटोव और बिडेनोव के जले हुए अवशेष भी एकत्र किए हैं। इसमें कहा गया है कि जले हुए अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर पुलिस ने क्या कहा
पुलिस ने कहा, रूसी सांसद की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि गिरने के बाद आंतरिक चोट लगने से उनकी मौत हुई, जबकि बिडेनोव की मौत का कारण दिल का दौरा था। दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार उनके परिवार के सदस्यों और रूसी दूतावास की सहमति से संपन्न हुआ।
21 दिसंबर से होटल में ठहरे हुए थे रूसी पर्यटक
टीम ने उन होटल के कमरों की भी जांच की जहांव मृत विदेशी पर्यटक 21 दिसंबर से ठहरे हुए थे। इसने उनके गैजेट्स और अन्य सामान को भी जब्त किया है। सीबी की टीम ने एंटोव और बिडेनोव के साथ आए रूसी जोड़े तुरोव मिखाइल और पेन सेनको नतालिया के भी बयान दर्ज किए हैं।
अब तक नहीं मिला किसी साजिश का सबूत : पुलिस
ओडिशा पुलिस ने रूसी दंपति से तुरंत भारत न छोड़ने का आग्रह किया है, क्योंकि जांच चल रही है। इस बीच, ओडिशा के डीजीपी एसके बंसल ने कहा, सर्वश्रेष्ठ जांचकर्ता जांच में लगे हुए हैं, हालांकि अभी तक किसी भी साजिश का कोई सबूत नहीं मिला है।
19 दिसंबर को ओडिशा पहुंचा था रूसी यात्रियों का दल
एंटोव और बिडेनोव सहित चार रूसियों का एक समूह अपने दिल्ली स्थित टूर गाइड जितेंद्र सिंह के साथ 19 दिसंबर को ओडिशा पहुंचा और उन्होंने पहली बार 20 दिसंबर को कंधमाल जिले के दारिंगबाड़ी की यात्रा की, इसके बाद रायगडा शहर गए जहां 21 दिसंबर को होटल में चेक-इन किया।