फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Russia-Ukraine war: रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों से यूक्रेन में 11 की मौत, कई घायल, मलबे में फंसे लोग

Tue, 02 Jun 2026 12:01 PM IST
Sandhya Kumari न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

रूस ने यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन से बड़ा हमला किया, जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हुए। कीव और ड्नीप्रो सहित कई शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचा, जबकि कई लोग मलबे में फंस गए।

विज्ञापन
व्लादिमीर पुतिन और वोलोदिमीर जेलेंस्की - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रूस ने मंगलवार की रात यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला किया। इस हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कई लोग क्षतिग्रस्त इमारतों के मलबे में फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

कई लोगों के मौत और हताहत होने की खबर

यूक्रेन की आपातकालीन सेवा के अनुसार, राजधानी कीव में चार लोगों की मौत हुई और 58 लोग घायल हुए। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। शहर के आठ जिलों में लोगों के घरों और अन्य नागरिक ढांचों को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन के अन्य हिस्सों में भी हमले की खबरें मिली हैं। मध्य यूक्रेन के ड्नीप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में रूसी हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 अन्य घायल हुए। यह हमला ड्नीप्रो शहर पर किया गया था।

अधिकारियों के अनुसार, जब बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा तो दूसरा हमला किया गया। इस हमले में एक राहतकर्मी की भी मौत हो गई। हमले में एक दो मंजिला मकान और चार मंजिला अपार्टमेंट इमारत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बड़ी इमारत के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है।

यूक्रेन को पहले से थी हमले की आशंका

पूरी रात और सुबह तक धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। यूक्रेन पहले से ही ऐसे बड़े हमले की आशंका जता रहा था। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि रूस नया बड़ा हमला कर सकता है। उन्होंने लोगों से हवाई हमले की चेतावनी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की थी। कीव के पोडिल्स्की जिले में नौ मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों को नुकसान पहुंचा। यहां भी कई लोग मलबे में फंस गए। राहत कार्य सुबह तक जारी रहा, जबकि हवाई हमले की चेतावनी भी प्रभावी रही। सोलोमियांस्की जिले में 20 मंजिला और 24 मंजिला इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।

यूक्रेन लगातार अपने सहयोगी देशों से अतिरिक्त वायु रक्षा मिसाइलों की मांग कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन अधिकांश ड्रोन हमलों को रोकने में सफल रहता है, लेकिन रूस की बैलिस्टिक मिसाइलें अब भी देश की सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें