संसद परिसर में धरने पर बैठीं बीजेपी सांसद रुपा गांगुली
- फोटो : ANI
बॉलीवुड में महिलाओं के साथ यौन शोषण का मामला अब संसद तक पहुंच गया है। भारतीय जनता पार्टी से सांसद रुपा गांगुली आज संसद परिसर में धरने पर बैठ गईं। उनके हाथ में तीन बैनर दिखाई दिए, जिस पर लिखा था कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री और कितनी लड़कियों की इज्जत लूटेगा?
रुपा गांगुली हाथ में बैनर लेकर प्रदर्शन कर रही हैं और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले बीजेपी सांसद रवि किशन ने संसद में महिलाओं के शोषण का मसला उठाया था। महिलाओं के खिलाफ यौन शोषण मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहीं रुपा गांगुली ने संसद परिसर में कहा कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री लोगों को मारता है, उन्हें मादक पदार्थों की लत लगाई जाती है और महिलाओं का अपमान किया जाता है।
रुपा गांगुली ने कहा कि इन सभी मामलों पर कोई भी कुछ नही कर रहा है, मुंबई पुलिस पूरी तरह से शांत है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा था कि हमारे देश में बेटियां माता दुर्गा देवा और गौ माता की तरह पूजी जाती हैं।
रवि किशन ने कहा कि बॉलीवुड सहित कई ऐसे क्षेत्र है जहां कुछ लोग कामयाबी का दावा कर सौदेबाजी पर उतारू हो जाते हैं। हालांकि रवि किशन ने अनुराग कश्यप का नाम नहीं लिया और ना ही अभिनेत्री पायल घोष का। लेकिन उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने किस पर वार किया है।
रवि किशन ने ऐसे कानून की मांग की है जिससे महिलाओं और लड़कियों पर अनुचित दबाव बनाने वाले लोगों में डर की स्थिति बने। रवि किशन ने एलान किया कि बॉलीवुड में दशकों से कास्टिंग काउच की खबरें आती रही हैं और वो इस बार इस संवेदनशील मामले को संसद में उठाएंगे।