झारसुगुड़ा एयरपोर्ट के रनवे पर दरार के चलते 178 यात्रियों को लेकर जा रहे एक विमान को भुवनेश्वर डायवर्ट किया गया। इस विमान में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा भी मौजूद थे। मिश्रा शनिवार को आईआईएम संबलपुर के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के लिए आए थे।
झारसुगुड़ा एयरपोर्ट के रनवे पर दरार के चलते प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा समेत 178 यात्रियों को लेकर जा रहे एक विमान को भुवनेश्वर डायवर्ट किया गया। दरार के चलते विमान झारसुगुड़ा एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकता था।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि मिश्रा शनिवार को आईआईएम संबलपुर के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के लिए आए थे। वह दिल्ली-झारसुबुड़ा विमान में सवार हुए थे और उनका दोपहर करीब 3:20 बजे पश्चिमी ओडिशा शहर पहुंचने का कार्यक्रम था। विमान झारसुगुड़ा के वीर सुरेंद्र साईं एयरपोर्ट पर उतर नहीं सका क्योंकि एयरपोर्ट के अधिकारियों ने रनवे पर दरारों के लिए एयरमैन को नोटिस (नोटम) जारी किया था। नोटम एक नोटिस है। इसमें किसी वैमानिकी सुविधा, सेवा, प्रक्रिया या खतरे की स्थापना, स्थिति या परिवर्तन से संबंधित जानकारी होती है और जिसकी समय पर जानकारी उड़ान संचालन से संबंधित कर्मियों के लिए आवश्यक होती है।
वीएसएस एयरपोर्ट के निदेशक संदीप के तिवारी ने बताया कि गर्मियों में रनवे के कंक्रीट स्लैब में दरारें आना आम बात है। यह दो किलोमीटर लंबा रनवे है और दिल्ली फ्लाइट की निर्धारित लैंडिंग से आधे घंटे पहले दरारें देखी गईं। इसलिए, हमने उड़ान को भुवनेश्वर के निकटवर्ती बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर मोड़ना उचित समझा।
उन्होंने बताया कि यही विमान मिश्रा सहित सभी यात्रियों को लेकर शाम करीब 7:13 बजे वीएसएस एयरपोर्ट पर उतरा। एयरपोर्ट अधिकारियों के नोटम वापस लेने के बाद दरारें ठीक कर दी गईं और उड़ान परिचालन शुरू कर दिया गया। तिवारी ने बताया कि झारसुगुड़ा हवाई अड्डे से विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ को लेकर मौसम विभाग की ओर से भी अलर्ट जारी किया गया है। झारसुगुड़ा एयरपोर्ट पर रोजाना कम से कम छह विमान उतरते हैं।