बंगलुरू के रिजॉर्ट में इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी पर सदन के दोनों सदनों में कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने हंगामा किया। मामले को उठाते हुए कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि गुजरात के विधायक जिस रिजॉर्ट में रुके हुए हैं, वहां पर छापेमारी होना गलत है। सरकार ने ऐसे विधायकों को टारगेट पर लिया है, जो भाजपा के पक्ष में वोट नहीं देंगे। विपक्षी सांसदों के वेल में पहुंचने पर उपसभापति पीजे कुरियन ने सदन को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया था। सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि इस छापेमारी को सिर्फ आर्थिक अपराध से जोड़कर देखा जाए। इस छापेमारी का गुजरात के कांग्रेसी विधायकों के रुकने से कोई संबंध नहीं है। वहीं, मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस के लोग करप्शन को क्रांति समझते हैं। कांंग्रेस नाखून काटकर शहीद होने का दिखावा बंद करे।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस के लोग करप्शन को क्रांति समझते हैं। कांग्रेस को नाखून काटकर शहीद होने का नाटक बंद करना चाहिए।
Corruption ko ye kranti samajhte hain,nakhun kaat kar shaheed banna bandh karo:MA Naqvi,Union Min to protesting Cong MPs in RS earlier today
— ANI (@ANI_news) August 2, 2017
विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि छापेमारी पूरे देश में की गई है। इनकम टैक्स अधिकारियों ने किसी विधायक की तलाशी नहीं ली है। केवल एक व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है। यही बात उन्होंने ने लोकसभा में भी उपस्थित होकर कहा। विपक्ष ने उनसे जवाब मांगा। अरुण जेटली ने कहा कि छापेमारी में तमाम कागजात बरामद हुए हैं। ये आर्थिक अपराध से जुड़ा मामला है। इसे गुजरात के विधायकों से जोड़कर न देखा जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में गुजरात कांग्रेस के विधायकों के रुकने की जगह पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का कोई अधिकारी नहीं है।
इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि सरकार विपक्ष को धमका रही है। ये लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी किसी भी कार्रवाई के सामने घुटने नहीं टेकेगी।
इस मामले में लगातार हंगामे के चलते राज्यसभा 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
Rajya Sabha adjourned till 2 pm after continued uproar by Congress over IT raids in Bengaluru
— ANI (@ANI_news) August 2, 2017
राज्यसभा में सदन में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि डर और भय का माहौल पूरे देश में है। गुजरात के कांग्रेस विधायकों को अपने पाले में करने के लिए भाजपा नीत सरकार नए नए हथकंडे अपना रही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। पहले राज्य सरकार तमाम हथकंडे अपना रही थी, अब केंद्र सरकार सीबीआई, आईटी और ईडी के माध्यम से विधायकों को परेशान कर रही है। शून्य काल के दौरान सदस्य उपसभापति के आसान के पास आकर तानाशाही नहीं चलेगी के नारे लगाने लगे।
गौरतलब है कि कर्नाटक के उर्जामंत्री डी के शिवकुमार के घर के साथ ही 39 जगहों पर छापेमारी चल रही है। कर्नाटक के उर्जामंत्री डी के शिवकुमार गुजरात कांग्रेस के विधायकों के मेजबान हैं और उन्हीं की देखरेख में कांग्रेस विधायकों को गुजरात से लाकर यहां रखा गया है। आईटी डिपार्टमेंट की छापेमारी में शिवकुमार के दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव स्थित घर से 5 करोड़ रुपए बरामद हुए हैं। वहीं, कांग्रेस ने इसे बीजेपी की बौखलाहट बताया है और कहा है कि बीजेपी सिर्फ 1 राज्यसभा सीट जीतने के लिए हर गलत कदम उठा रही है।