संघ अब भाजपा पर नजदीक से नजर रखेगा। इसके लिए संघ ने अपनी एक संस्था का कार्यालय भाजपा मुख्यालय के बगल वाले बंगले में बनाया है। बताया जा रहा है कि यहां से संघ के इस संगठन के कामकाज के अलावा भाजपा पर नजर रखने का भी काम होगा। सूत्र बताते हैं कि संघ की अहम एवं प्रभावी संस्था इतिहास संकलन का कार्यालय अब संघ कार्यालय झंडेवालान से हस्तांतरित होकर भाजपा मुख्यालय के बगल वाले बंगले 11ए में पहुंच गया है। वैसे तो संघ भाजपा की मातृ संस्था है और भाजपा की रीति नीति पर संघ हावी रहता है। मगर ये सब चीजें अब तक परदे के अंदर ही रहती हैं। औपचारिक तौर पर संघ का यही बयान रहता है कि वह राजनीतिक संगठन नहीं है और भाजपा की रोजाना की गतिविधियों में हस्तक्षेप नहीं करता है। अगर भाजपा के लोग उससे राय मांगते हैं तभी वह अपनी राय प्रकट करता है।
मगर अब भाजपा मुख्यालय के बगल वाले बंगले में संघ की संस्था का कार्यालय खोलने को पार्टी की गतिविधियों पर करीब से नजर रखने के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा का मुख्यालय 11 अशोक रोड पर है, इस बंगले और भाजपा मुख्यालय में महज एक दीवार का फर्क है। माना यह भी जा रहा है कि भले ही यह कार्यालय संघ की संस्था इतिहास संकलन का है मगर इसके जरिए तमाम संघ प्रचारकों और अधिकारियों का यहां आने-जाने का सिलसिला बढ़ेगा।
भाजपा की राजनीति में बंगलों का है अहम रोल
भाजपा की राजनीति में पार्टी मुख्यालय के अगल-बगल के दोनों बंगलों का अहम रोल रहा है। पार्टी मुख्यालय 11 अशोक रोड के एक तरफ 9 अशोक रोड बंगला है। तो दूसरी तरफ 11ए बंगला है। 9 अशोक रोड बंगला पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली के नाम आवंटित रहता था। अब किसी अन्य नेता के नाम पर आवंटित है। इस बंगले में अक्सर पार्टी के संगठन महामंत्री का ही निवास रहा है। पहले जेपी माथुर, सुंदर सिंह, कृष्ण लाल सरीखे नेता इस बंगले में रहे। तो अब इसमें पार्टी में वर्तमान राष्ट्रीय संगठन महासचिव राम लाल और सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह निवास करते हैं। तो 11 ए बंगले में वर्तमान में एक हिस्से में बिहार से राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह रहते हैं। तो इसके पिछले हिस्से में राम प्यारे पांडे निवास करते हैं।
बंगले में अलग से निर्माण वाले हिस्से में पार्टी उपाध्यक्ष श्याम जाजू परिवार सहित रहते हैं। तो पिछले छोर पर एक किनारे पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश का अस्थाई निवास है। वैसे उनका अधिकांश समय प्रवास में ही गुजरता है। मगर पार्टी ने उनके लिए यहां अस्थाई निवास की व्यवस्था की है। कुछ समय पहले इस बंगले में पूर्व संघ प्रचारक एवं भाजपा नेता देव दास आप्टे भी रहा करते थे। अब वे किसी और जगह फ्लैट में चले गए हैं।