नोटबंदी को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच संघ भी मोदी सरकार के इस सबसे बड़े कदम की समीक्षा करेगा। इस सिलसिले में संघ के शीर्ष कोर समूह की बृहस्पतिवार को राजधानी दिल्ली में बैठक हो रही है। इसमें चुनावी राज्यों की रणनीति पर चर्चा होगी।
संघ आलाकमान नोटबंदी पर उत्तर भारत की जमीनी हकीकत को जानना चाहता है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की राजनीतिक जमीन की चिंता भी उसे सता रही है। यही वजह है कि बुलंदशहर में हुई अन्य संगठनों की समन्वय बैठक के बाद संघ के शीर्ष नेतृत्व की कोर समूह बैठक में यूपी के कुछ प्रमुख संघ अधिकारियों को भी बुलाया गया है।
संघ के एक शीर्ष अधिकारी के अनुसार, कोर समूह की बैठक में नोटबंदी की समीक्षा और कुछ राज्यों की चुनावी रणनीति और खासकर यूपी के सियासी हालात का आकलन किया जाएगा। बैठक बृहस्पतिवार सुबह शुरू होकर देर शाम तक चलेगी। इसमें यूपी के शीर्ष संघ अधिकारियों को भी बुलाया गया है।
बैठक में संघ प्रमुख मोहन राव भागवत के अलावा सरकार्यवाह भैय्या जी जोशी, सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, भागैय्या, कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी के अलावा कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। पश्चिम यूपी और बृज प्रांत के प्रचारक बुलंदशहर की बैठक के बाद दिल्ली पहुंच रहे हैं।