कोरोना वायरस की दूसरी लहर इस समय सबसे ज्यादा खतरनाक है और इस दौरान हर दिन लाखों लोग वायरस की चपेट में आ रहे हैं। इस बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबले ने कहा कि कोविड-19 की महामारी ने एक बार फिर देश में चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है।
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई कार्यकर्ता समाज की जरूरतों को पूरा करने के लिए देशभर में विभिन्न तरह से सक्रिय हैं। इसी बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबले ने भारत-विरोधी ताकतों पर सवालिया निशान खड़ा किया।
उन्होंने आगे कहा कि इस दौरान ऐसा भी संभव है कि भारत विरोधी ताकतें इन प्रतिकूल परिस्थितियों का फायदा उठाकर देश में नकारात्मकता और अविश्वास का माहौल पैदा कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोगों को इन विनाशकारी ताकतों से सावधान रहना चाहिए।
गोरखपुर में बनाया 50 बेड का आइसोलेशन सेंटर
वहीं आरएसएस की महानगर इकाई ने 50 बेड का आइसोलेशन सेंटर बनाया है। जिन कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेशन में किसी तरह की दिक्कत है वह भाऊराव देवरस छात्रावास बिलंदपुर सूरजकुंड स्थित आरएसएस के सेंटर पर जाकर रह सकते हैं। मरीजों के खाने, रहने का इंतजाम संघ की तरफ से निशुल्क किया जाएगा। रोजाना व्यायाम कराके जल्द ही स्वस्थ बनाने का प्रयास भी होगा।
बिना लक्षण वाले मरीज रखे जाएंगे
प्रांत संघचालक व सेवा भारती के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि आइसोलेशन सेंटर में ऐसे मरीजों को लिया जाएगा, जो कोरोना पॉजिटिव हैं। किसी तरह के लक्षण नहीं हैं। ऑक्सीजन लेवल 95 तक होना चाहिए। मरीजों को योग, व्यायाम व संस्कार भी कराएंगे। समय-समय पर डॉक्टरों की टीमें उन्हें आकर परामर्श देगी।