तेलंगाना की मुनुगोडे विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर आरएसएस ने किसी तरह का आंतरिक सर्वे कराने की रिपोर्ट का खंडन किया है। संघ ने कहा कि सोशल मीडिया में इस आशय की रिपोर्ट जारी किए जाने की निंदा की और कहा कि यह जनता को भ्रमित करने व संगठन की छवि खराब करने का प्रयास है।
तेलंगाना आरएसएस के प्रांत कार्यवाह कचम रमेश ने कहा कि सोशल मीडिया में 'आरएसएस आंतरिक सर्वेक्षण रिपोर्ट' शीर्षक से एक फर्जी बयान जारी किया जा रहा है। तीन नवंबर को होने वाले मुनुगोड़े उपचुनाव को देखते हुए जारी इस रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के हस्ताक्षर हैं। संघ नेता रमेश ने कहा कि यह कथित सर्वे लोगों को गुमराह करने के इरादे से जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि संघ ऐसे कोई सर्वे नहीं करता है। वे इस फर्जी दस्तावेज व शरारती कृत्य की निंदा करते हैं।
रमेश ने आधिकारिक बयान में कहा कि संघ एक गैर सरकारी संगठन है और बीते 97 साल से काम कर रहा है। इसका लक्ष्य व्यक्ति के चरित्र निर्माण से राष्ट्र का निर्माण करना है। संघ न तो राजनीति में भाग होता है और नहीं राजनीतिक सर्वे करता है। उन्होंने सरकार से फर्जी सर्वे प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि ये अपने राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह के सर्वे प्रसारित व प्रचारित करते हैं।
दलबदल की वजह से हो रहा मुनुगोडे उपचुनाव
तेलंगाना की मुनुगोडे विधानसभा सीट पर उपचुनाव 2018 में कांग्रेस के टिकट पर जीते के. राजगोपाल रेड्डी के इस्तीफे की वजह से हो रहा है। रेड्डी ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने उन्हें यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट वैसे तो कुल 47 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और सत्ताधारी टीआरएस के बीच है। टीआरएस ने पूर्व विधायक के. प्रभाकर रेड्डी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने पी. श्रवंती को टिकट दिया है। श्रवंती मुनुगोडे से पांच बार विधायक रहे पी. गोवर्धन रेड्डी की बेटी हैं।
छह राज्यों की सात सीटों पर कल उपचुनाव
बता दें, छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर कल उप चुनाव होगा। इसके प्रचार का शोर मंगलवार को थम गया। गुरुवार को इन सभी सीटों पर वोट डाले जाएंगे। नतीजे छह नवंबर को आएंगे। जिन सीटों पर उप चुनाव हो रहे हैं उनमें उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ, बिहार की मोकामा और गोपालगंज, हरियाणा की आदमपुर, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट, ओडिशा की धामनगर और तेलंगाना की मुनुगोडे सीट शामिल हैं।