शिवसेना सांसद संजय राउत ने सोमवार को कहा कि देश को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत राष्ट्रपति बनाए जाएं तो वह 'अच्छी पसंद' होंगे। उन्होंने कहा, ''राष्ट्रपति का पद देश में सर्वोच्च पद है। स्वच्छ छवि वाले किसी व्यक्ति को इस पद पर होना चाहिए। ऐसा सुनने में आ रहा है कि राष्ट्रपति बनाए जाने के लिए मोहन भागवत के नाम की चर्चा हो रही है।'' राउत ने कहा कि शिवसेना उनके नाम पर सहमति तभी देगी जब पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे इस बारे में फैसला लेंगे।
समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के मुताबिक जब पत्रकारों ने संजय राउत से सवाल किया कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भागवत के नाम पर सहमति बनाने के लिए उन्हें भोजन पर आमंत्रित करते हैं तो उनका क्या मत होगा? राउत ने चुटकी लेते हुए जवाब दिया कि उद्धव ठाकरे के आवास 'मातोश्री' पर भी बहुत बढ़िया भोजन पकाया जाता है।
राउत ने कहा कि पिछले दो बार के राष्ट्रपति चुनाव में बालासाहब ठाकरे ने वही निर्णय लिया जो देश के लिए हितकर लगा। जबकि राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार खुद चलकर उनसे मिलने आए। उन्होंने कहा राष्ट्रपति के जिन उम्मीदवारों को शिवसेना के वोट चाहिए, वे मातोश्री आ सकते हैं। हम बातचीत के लिए तैयार हैं।