राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत कोविड-19 संकट के मद्देनजर मौजूदा स्थिति पर आज अपने कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन संबोधित करेंगे। वह शाम 5:00 बजे देशभर के स्वयंसेवकों से यू-ट्यूब और फेसबुक के माध्यम से रूबरू होंगे।
संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुसार, संघ के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी आभासी मंच के माध्यम से इसके प्रमुख अपना भाषण देंगे। संघ ने एक ट्वीट में कहा कि भागवत 26 अप्रैल को शाम पांच बजे ‘वर्तमान स्थिति और हमारी भूमिका’ पर संबोधन देंगे।
संघ ने कहा कि आप सभी को परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के साथ इस सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। संघ के सूत्रों ने कहा कि यह संबोधन इस संकट से निपटने के उपायों पर केंद्रित होगा।
वहीं, संघ के विभाग प्रचारक श्रीकृष्ण चंद्र ने बताया कि कोरोना वायरस और लॉकडॉन की चुनौती के बीच भारत ने दुनिया में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, इसी सिलसिले में संघ प्रमुख रविवार शाम 5:00 से 6:00 के बीच फेसबुक यू-ट्यूब के माध्यम से बौद्धिक वर्ग में शिरकत करेंगे। संघ के सभी प्रमुख पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक इस आयोजन का सीधा प्रसारण देखेंगे।
दूसरी तरफ कार्यकर्ताओं को कहा गया है कि वे रविवार शाम 4:30 बजे #SanghKiBaat हैशटैग के साथ ट्वीट करें।