फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संघ प्रमुख भागवत ने की पीएम मोदी की तारीफ, मोदी पहले जैसे थे वैसे आज भी हैं

Wed, 12 Jul 2017 09:58 PM IST
संजय मिश्र/ अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
संघ प्रमुख मोहन राव भागवत ने पीएम मोदी की खुलकर तारीफ की है। भागवत ने कहा है कि तमाम उंचाईयों को छूने के बावजूद भी मोदी में बदलाव नहीं आया है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनने से मोदी पहले एक स्वयंसेवक और कार्यकर्ता के रूप में जैसे थे वैसे ही आज भी हैं। तमाम उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद भी उनमें बदलाव नहीं आया है।
विज्ञापन


भागवत ने कहा कि स्वयंसेवक के वजह से ही मोदी आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। बकौल मोहन भागवत, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी की यात्रा स्वयंसेवक के रूप में रही। उसके केवल स्वयंसेवक और कार्यकर्ता ही जानते हैं।

यदि मोदी की यात्रा उसी स्तर पर स्वयंसेवक के रूप में चलती रहती तो लोग उन्हें नहीं जान पाते। हम स्वयंसेवक हैं इसलिए हमें उनके सीएम और पीएम बनने की यात्रा से पहले की यात्रा का महत्व मालूम है। औरों को भी यह समझना चाहिए।
विज्ञापन


स्वयंसेवक की वजह से इस मुकाम पर पहुंचे हैं मोदी 
संघ प्रमुख ने कहा कि गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक की मोदी की यात्रा को लोग जानना चाहते हैं। सारी दुनिया में उनकी गूंज है। लेकिन थोडा रूककर सोचना चाहिए, यदि सोचते हैं तो मालूम पडता है कि मुख्यमंत्री बनने से पहले की मोदी की बिना पहचान वाली यात्रा को जानना चाहिए। स्वयंसेवक की बिना पहचान वाली यात्रा के बदौलत ही मोदी यहां तक पहुंचे हैं।

भागवत ने कहा कि करिश्माई चेहरों पर किताब लिखा जाता है। इससे स्फूर्ति एवं प्रेरणा मिलती है। लेकिन चेहरे को सही से पढा जाना चाहिए। स्वयंसेवक के रूप में मोदी के कार्य को लोग नहीं जानते हैं। महज उनके मुख्यमंत्री बनने से लेकर पीएम बनने की यात्रा को जानते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा, मोदी किसी चीज को असंभव नहीं मानते और उनके नेतृत्व में देश को आशा है। दरअसल भागवत ने बुधवार को सुलभ इंटरनेशनल के प्रमुख बिंदेश्वरी पाठक के जरिए पीएम मोदी पर लिखी गई किताब, ‘द मेकिंग ऑफ ए लेजेंड’ का विमोचन किया। भागवत के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के अध्यक्ष बलदेव भाई शर्मा भी कार्यक्रम में मंच पर उपस्थित थे। 
विज्ञापन

मोदी पहले ऐसे पीएम जिसने एक दिन की भी छूट्टी नहीं ली

भागवत से पहले पीएम मोदी और उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी के बाद से पीएम मोदी देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं,जिसने तीन वर्ष के कार्यकाल में एक भी छूट्टी नहीं लिया है।

शाह ने कहा कि मुझे क्षोभ होता है जब लोग मोदी सरकार के विकास को जॉबलेस ग्रोथ की संज्ञा देते हैं। उन्होंने पीएम मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बतौर गुजरात सीएम मोदी ने 10 प्रमुख कार्य किए हैं। जिसमें प्रमुख कार्य गुजरात के भूजल स्तर को बढाना है।

इसके अलावा मोदी ने कोशल् विकास के जरिए स्वरोजगार के सफल अवसर मुहैया कराए थे। शाह ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री पद पर मोदी की 2001 से 2014 तक के कार्यों को देश की जनता ने महसूस किया है।

यही वजह है कि जब देश की जनता को लोकतंत्र पर संकट नजर आने लगा। देश की राजनीति में द्वंद नजर आ रहा था। तब 2014 में पार्टी ने मोदी को पीएम पद की कमान दी और पार्टी की प्रचंड जीत हुई। शाह ने कहा कि यह फैसला कोई चुनाव अभियान या पार्टी नहीं करा सकती है।

यह जो प्रचंड बहुमत मिला है ये देश के 125 करोड लोगों के मन का आर्शिवाद है। 30 वर्षों के बाद देश में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी। भाजपा अपने अकेले दम पर सत्ता में पहुंची। सरकार बनने के तीन वर्ष के भीतर मोदी सरकार ने गांव—गरीब, शहर और उद्योग के बीच विकास का समन्वय बैठाते हुए अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया है। 

पाठक ने किया पीएम मोदी का गुणगान
सुलभ इंटरनेशनल के प्रमुख बिंदेश्वरी पाठक ने पीएम मोदी का गुणगान करते हुए कहा कि उनकी कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर वे उनके भक्त हो गए हैं। पाठक ने कहा कि महात्मा गांधी के बाद पीएम मोदी ऐसे नेता हैं जिसने स्वच्छता को अपनी प्राथमिकता में सबसे आगे रखा है। उन्होंने कहा कि वे पीएम मोदी के स्वच्छता के सपने को पूरा करने के प्रयास में 2019 तक देश के सभी गांवों में शौचालय बनवाएंगे। हालांकि इसके लिए उन्होंने सरकार से सब्सिडी के बजाय बैंक से ऋण मुहैया करवाने की मांग की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें