कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और रेहान वाड्रा के पिता, रॉबर्ट वाड्रा ने गुरुवार को अपने बेटे पर गर्व जताया। बीकानेर हाउस में उनके बेटे की फोटोग्राफी प्रदर्शनी पर आपत्तियां जताई गई थीं, जिस पर वाड्रा ने कहा कि परिवार उनके काम को प्रदर्शित करने के लिए कोई दूसरी जगह ढूंढ लेगा।
वाड्रा ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि बीकानेर हाउस का यह फैसला राजस्थान सरकार से जुड़ा है या किसी और दबाव के कारण लिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि उनके बेटे को अपनी प्रतिभा दिखाने से रोका नहीं जा सकता।
रॉबर्ट वाड्रा ने क्या कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए वाड्रा ने कहा, 'मुझे रेहान पर बहुत गर्व है। उसने देखा है कि पूरा परिवार किन हालात से गुजरा है और उसके पिता ने क्या-क्या झेला है। इसलिए, वह एक बहुत मजबूत इंसान है, बहुत मजबूत इरादों वाला व्यक्ति है। वह कोई दूसरी जगह ढूंढ लेगा, और हम किसी दूसरी जगह पर ही यह प्रदर्शनी करेंगे।'
'ये तस्वीरें किसी भी तरह से विवादित नहीं'
वाड्रा ने यह भी कहा कि ये तस्वीरें विवादित नहीं हैं, बल्कि इनमें रेहान का नजरिया और उसकी रचनात्मकता झलकती है। उन्होंने आगे कहा, 'ये तस्वीरें किसी भी तरह से विवादित नहीं हैं। ये बस उसकी सोच और उसके रचनात्मक पक्ष को दिखाती हैं। जब वह खुद विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर मौजूद था, तब उसने ये तस्वीरें ली थीं। इनमें कोई विवाद वाली बात नहीं है। उन्हें इस बारे में पहले ही बता दिया गया था।'
उन्होंने कहा, 'यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रोटोकॉल के अनुसार पीडीएफ फाइल जमा करने के बाद भी ऐसा हुआ। वे पिछले छह-सात वर्षों से प्रदर्शनियां कर रहे हैं। बीकानेर हाउस एक ऐसा प्लेटफॉर्म रहा है जिसका उन्होंने कई बार इस्तेमाल किया है। वे यहां की संवेदनशीलता और प्रोटोकॉल को समझते हैं और हमेशा एक ऐसी पीडीएफ फाइल देते हैं, जिसमें वह सारा कंटेंट होता है जिसे प्रदर्शनी में दिखाया जाना है।'
क्या प्रशासन के पास समय था?
वाड्रा ने कहा, 'बीकानेर हाउस प्रशासन के पास यह तय करने के लिए पूरा एक हफ्ता था कि क्या उन्हें किसी खास तस्वीर या ऐसी ही किसी चीज पर कोई आपत्ति है। लेकिन प्रदर्शनी को स्वीकार करने के बाद, उन्होंने लोगों को आमंत्रित किया। उन्होंने उन लोगों को बुलाया जो उनकी तस्वीरें खरीदते हैं, जो उन्हें अपने कैटलॉग में शामिल करना चाहते हैं, और वे लोग भी जो अपनी होटलों या अन्य जगहों पर इन तस्वीरों को लगाना चाहते हैं, जहां वे अपना काम सप्लाई करते और बेचते हैं। क्रिएटिव जगत के अलग-अलग हिस्सों से लोगों को आमंत्रित किया गया था।'
रेहान ने क्या आरोप लगाया?
रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया है कि बीकानेर हाउस के प्रबंधन ने दिल्ली में युवाओं के विरोध-प्रदर्शन को दर्शाने वाली तस्वीरों पर आपत्ति जताई थी। साथ ही, उन्होंने रेहान से उन दो तस्वीरों को हटाने के लिए भी कहा, जिनमें भारतीय तिरंगा दिख रहा था। बता दें कि 'नो आइडिया इज फाइनल' (No Idea Is Final) नाम की यह प्रदर्शनी गुरुवार शाम 7 बजे शुरू होनी थी।