चिरगांव बाईपास तिराहा के पास हाईवे पर बृहस्पतिवार की सुबह हाइवे कर्मियों के भेष में खड़े चार सशस्त्र बदमाशों ने कैश मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर धमकाया और टोल प्लाजा के एक करोड़ 92 हजार रुपये लूट लिए।
साथ ही उनकी कार भी छीन ली और उसी में बैठकर झांसी शहर की तरफ भाग निकले। झांसी जिले में इतनी नकदी लूट की पहली इस बड़ी घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीआईजी शरद सचान और एसएसपी अब्दुल हमीद ने लुटेपिटे कर्मचारियों से पूछताछ की और नाकेबंदी के आदेश देकर लुटेरों की तलाश शुरू करा दी।
चिरगांव के कानपुर हाइवे पर सेमरी टोल प्लाजा में रोज 20-25 लाख रुपये इकट्ठा होते हैं, जिन्हें सुरक्षित बैंक तक पहुंचाने का ठेका आरसीएमएस (रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड) को दिया गया है। इधर, पांच दिन बैंक थे तो टोल प्लाजा पर काफी रुपये इकट्ठे हो गए थे। बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 9.05 बजे कैश मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारी राकेश कुमार सोनकर, राजेश परिहार और संजीव सिंह हरे रंग की मारुति 800 कार यूपी-93 एच-3295 से रुपयों से भरा बैक लेकर झांसी जेल चौराहा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के लिए निकले।