कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में अगस्त 2024 में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में न्याय की मांग जारी है। इसी बीच शनिवार को पीड़िता की मां ने न्याय की मांग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकत करने की इच्छा जताई है।। उन्होंने कहा कि वह और उनके पति अपनी बेटी के लिए न्याय मांगने के लिए पीएम मोदी से मिलना चाहते है।
न्याय के लिए पीएम से मिलना चाहती है पीड़िता की मां
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अपने बयान में पीड़िता डॉक्टर की मां ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री से मिलकर हमारी बेटी के मामले में हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की अपील करना चाहते हैं।
महिला सुरक्षा पर जताया दुख
पीड़िता की मां ने दुख जताते हुए कहा कि हमारी बेटी ने बड़े सपने देखे थे और हमें कभी नहीं लगा था कि उसे ऐसी मौत का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सात महीने हो गए हैं, लेकिन अभी तक न्याय नहीं मिला है। हमें तो मृत्यु प्रमाण पत्र भी नहीं मिला। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल किया, "अगर एक महिला डॉक्टर अपने कार्यस्थल पर असुरक्षित है, तो बाकी महिलाओं की सुरक्षा कहां है?
पीड़िता की मां की इच्छा पर राजनीति
इधर पीड़िता की मां की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की इच्छा पर पश्चिम बंगाल में राजनीति भी शुरू हो गई। इस बात पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक अग्निमित्र पॉल ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलने की एक प्रक्रिया है, लेकिन मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री उन्हें समय देंगे और उनकी अपील सुनेंगे। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस की नेता और राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि हर किसी को प्रधानमंत्री से मिलने का अधिकार है, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि ममता बनर्जी ने पहले ही कदम उठाया था और अपराधी को गिरफ्तार किया था।
एक नजर पूरे घटनाक्रम पर..
बता दें कि 9 अगस्त 2024 को आरजी कर कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद मामले में संजय रॉय को बलात्कार और हत्या का दोषी ठहराते हुए 20 जनवरी को सत्र अदालत ने उसे मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि सीबीआई और राज्य सरकार ने उसकी सजा को मृत्युदंड में बदलने की अपील की थी, जिसे कलकत्ता उच्च न्यायालय ने स्वीकार किया।