उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेई-इन अप्रैल में अपने शिखर सम्मेलन के दौरान इस पुनर्मिलन के लिए सहमत हुए थे। अब से करीब 65 साल पहले उत्तर और दक्षिण कोरिया की जंग खत्म हुई थी, लेकिन बंटवारे के चलते लाखों लोग 20 बार हुई कोशिशों के बावजूद अपने पारिवारिक सदस्यों से नहीं मिल पाए थे।
इसी कारण दोनों देशों ने सोमवार को पुनर्मिलन कार्यक्रम रखा। इसके लिए 57 हजार लोगों ने अर्जी लगाई लेकिन लॉटरी द्वारा सिर्फ 172 लोगों को अनुमति मिल पाई। इनमें 83 लोग उत्तर कोरिया के और 89 लोग दक्षिण कोरिया के हैं।
तीन साल पहले हुआ था अंतिम पुनर्मिलन
उत्तर और दक्षिण कोरिया इस तरह का पुनर्मिलन कार्यक्रम पिछले 18 साल में 20 बार करा चुके हैं लेकिन इससे पहले अंतिम बार 2015 में यह कार्यक्रम हुआ था। इसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में काफी खटास आ गई और अब जाकर यह कार्यक्रम दोबारा शुरू हुआ।
सबसे उम्रदराज 101 साल की महिला
सोमवार को हुए पुनर्मिलन कार्यक्रम में सबसे उम्रदराज महिला 101 साल की दक्षिण कोरियाई नागरिक रहीं। उन्होंने अपने बेटों से मुलाकात की और फफककर रो पड़ीं। इतने वर्षों में उन्होंने व उनके बेटों ने क्या-क्या बर्दाश्त किया इस पर बात हुई। इस पुनर्मिलन में मिलने वाले करीब 60 फीसदी लोगों की आयु 80 वर्ष से अधिक है।