सुप्रीम कोर्ट के चार जजों की प्रेस कांफ्रेंस को लेकर पूर्व न्यायाधीश कुरियन जोसेफ ने अपने विचार रखे। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में भ्रष्टाचार, वहां की समस्याओं और उनके समाधानों पर बात की।
प्रेस कांफ्रेंस को लेकर पूर्व न्यायाधीश कुरियन जोसेफ ने कहा, 'यह हम सबके सामने स्पष्ट था कि सुप्रीम कोर्ट सही दिशा में नहीं जा रही है। हमने इसके कई पक्ष देखे और इस बात को तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश के पास ले गए थे। कोई परिणाम निकलते न देखकर हमें लगा कि इसके अलावा जनता के सामने ले जाने के सिवाय कोई रास्ता नहीं था।'
सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान हालात पर पूर्व न्यायाधीश ने कहा कि हालात बेहतर हुए हैं, उचित कदम लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें समय लगेगा, इसे एक दिन में बदला नहीं जा सकता क्योंकि यह एक संस्था है और हम जिस चीज के लिए खड़े हैं वह संस्थागत प्रणाली है।
न्यायपालिका में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा, 'मैं इस बात को कभी स्वीकार नहीं करूंगा कि उच्च न्यायपालिका में भ्रष्टाचार है। यदि भ्रष्टाचार निचली न्यायपालिका में है तो यह राज्य की चिंता है। यदि यह उच्च न्यायपालिका में है तो ऐसा कुछ मेरे ध्यान में कभी नहीं आया।'