फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Republic Day Parade 2021: झांकियों में नजर आया पूरा भारत, पहली बार आसमान में गरजा राफेल

Tue, 26 Jan 2021 07:11 PM IST
Amit Mandal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

भारत आज अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर दिल्ली के राजपथ पर परेड निकली। परेड से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल वॉर मेमोरियल जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के अध्यक्ष भी रहे। इसके बाद उन्होंने राजपथ पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का स्वागत किया। राजपथ पर भारत ने परेड के जरिए दुनिया को अपनी शक्ति की झलक दिखाई। अलग-अलग राज्यों की झांकियों के जरिए विभिन्नता में एकता की झलक दिखी। भारतीय सेना की तरफ से कैप्टन प्रीति चौधरी अकेली ऐसी अधिकारी रहीं जिन्होंने इस साल परेड में हिस्सा लिया। इसके अलावा बांग्लादेश की सैन्य टुकड़ी ने राजपथ पर मार्च किया। वहीं आसमान में राफेल लड़ाकू विमान की गर्जना से परेड की समाप्ति हुई। यहां पढ़ें परेड में क्या रहा खास-
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:10 PM, 26-Jan-2021

श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने दी बधाई

श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने श्रीलंका की सरकार और लोगों की तरफ से 72 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि आप एक राष्ट्र के रूप में और ताकतवर होंगे और हर चुनौती का सामना करने में विजयी होंगे।

05:35 PM, 26-Jan-2021

सभी को संविधान की प्रस्तावना पढ़नी चाहिएः भागवत

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर लोगों को संविधान की प्रस्तावना पढ़नी चाहिए क्योंकि यह बताता है कि नागरिकों के रूप में हमें अपने देश को कहां ले जाना चाहिए।  

05:27 PM, 26-Jan-2021

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दी बधाई

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि हम दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी के संबंधों को विशेष महत्व देते हैं।

 

विज्ञापन
05:23 PM, 26-Jan-2021

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दी शुभकामनाएं

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता, सहयोग और विश्वास के संबंध और मजबूत हो रहे हैं।

11:53 AM, 26-Jan-2021

परेड का समापन एकल राफेल विमान के फ्लाईपास्ट से हुआ

परेड का समापन एकल राफेल विमान के फ्लाईपास्ट के साथ हुआ। इसने आसमान में 900 किमी / घंटा की रफ्तार से वर्टिकल चार्ली की फॉर्मेशन बनाई। इसे शौर्य चक्र विजेता ग्रुप कैप्टन हरकीरत सिंह ने उड़ाया। उनका साथ दिया 17 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर स्कवाड्रन लीडर किसलयकांत ने।
 

विज्ञापन
11:49 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर त्रिनेत्र फॉर्मेशन ने फ्लाईपास्ट किया

राजपथ पर त्रिनेत्र फॉर्मेशन ने फ्लाईपास्ट किया। इसमें तीन सुखोई विमान ने आकाश में त्रिशूल बनाया। इस फॉर्मेशन का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन एके मिश्रा ने किया। उनका साथ दिया 15 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर स्कवाड्रन लीडर आरसी कुलकर्णी ने।
 
 

11:39 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर राफेल ने किया फ्लाईपास्ट

भारत के आसमान में गरजा राफेल लड़ाकू विमान। एक राफेल विमान के साथ 2 जगुआर और 2 मिग-29 विमान ने एकलव्य फॉर्मेशन में राजपथ पर फ्लाईपास्ट किया। विमानों ने 780 किमी/ घंटा की रफ्तार से 300 मीटर की ऊंचाई पर उड़ान भरी। 
 
 

11:33 AM, 26-Jan-2021

एमआई-31 और और चार अपाचे हेलिकॉप्टर का फ्लाईपास्ट

एमआई-31 और और चार अपाचे हेलिकॉप्टर का राजपथ पर फ्लाईपास्ट। ग्रुप कैप्टन राज शेखर रेड्डी इसकी कमान संभाल रहे हैं।

11:31 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर डकोटा वाहन का फ्लाईपास्ट

राजपथ पर डकोटा वाहन का फ्लाईपास्ट। घाटी तक राशन पहुंचाने में निभाते हैं अहम भूमिका। ग्रुप कैप्टन मेनन ने संभाली कमान।

11:25 AM, 26-Jan-2021

माउंट आबू पब्लिक स्कूल के छात्रों की प्रस्तुति

माउंट आबू पब्लिक स्कूल के छात्रों की प्रस्तुति। बच्चे कौशल विकास की अहमियत बता रहे हैं। ये आत्मनिर्भर भारत का संदेश दे रहे हैं। 

11:24 AM, 26-Jan-2021

पूर्वी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता की प्रस्तुति

पूर्वी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता की प्रस्तुति। कलाकार बजासाला पारंपरिक नृत्य पेश कर रहे हैं। ये विवाह सामारोहों से जुड़ा नृत्य है। इसे 80 कलाकार पेश कर रहे हैं।  

11:20 AM, 26-Jan-2021

जैव प्रौद्योगिकी विभाग की झांकी

आत्मनिर्भर भारत अभियान: जैव प्रौद्योगिकी विभाग की झांकी में विभिन्न प्रक्रियाओं के माध्यम से कोविड-19 वैक्सीन के विकास की प्रक्रिया को दर्शाया गया है।
 
 

11:17 AM, 26-Jan-2021

संस्कृति मंत्रालय की झांकी

राजपथ पर संस्कृति मंत्रालय की झांकी। इसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस की गौरवपूर्ण झलक दिखाई गई है। 

11:15 AM, 26-Jan-2021

सीपीडब्ल्यूडी की झांकी

सीपीडब्ल्यूडी की फूलों से सजी झांकी। फूलों से अमर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई है। इसमें राफेल विमान को भी दिखाया गया है।

11:12 AM, 26-Jan-2021

सीमा सड़क संगठन की झांकी

राजपथ पर सीमा सड़क संगठन की झांकी। इसने 60 हजार किलोमीटर की सड़कें बनाई हैं। यह दुर्गम स्थानों पर भारत की लाइफलाइन है।

11:12 AM, 26-Jan-2021

सूचना एंव प्रसारण मंत्रालय की झांकी

सूचना एंव प्रसारण मंत्रालय की झांकी। जिसमें वोकल फॉर लोकल को दर्शाया गया है। मेड इन इंडिया की पूरी झलक दिखी।

11:09 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर केंद्रीय मंत्रालयों की झांकी

राज्यों के बाद राजपथ पर केंद्रीय मंत्रालयों की झांकी दिख रही है। आईटी मंत्रालय की झांकी में राष्ट्र की प्रगति के लिए डिजिटल इंडिया- आत्मनिर्भर भारत थीम को दर्शाया गया है। झांकी में एआई रॉबोट के 3डी मॉडल को दर्शाया गया है 

10:59 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर सिक्किम की झांकी

सिक्किम की झांकी में पंग लहबसोल त्योहार को दिखाया गया। कंचनजंगा पर्वत की पूजा-अर्चना।

10:59 AM, 26-Jan-2021

यूपी की झांकी में दिखी राम मंदिर की झलक

यूपी की झांकी में अयोध्या में बनने वाले राम के मंदिर को दिखाया गया है। इसमें दीपोत्सव की झलक भी दिखाई गई है।
 
 

10:54 AM, 26-Jan-2021

पश्चिम बंगाल की झांकी

पश्चिम बंगाल की झांकी में हरित मित्र दिखाया गया।

10:44 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर दिखी लद्दाख की झांकी

राजपथ पर लद्दाख की झांकी से राज्यों की झांकियों की शुरुआत हुई। बता दें कि लद्दाख अब संघ शासित प्रदेश बन गया है।
 

10:42 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर एनएसएस का दस्ता

राजपथ पर एनएसएस का दस्ता मार्च कर रहा है। इसमें 100 स्वयंसेवक शामिल हैं। इनकी सामुदायिक कार्यों में सक्रिय भूमिका होती है।

10:40 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर एनसीसी का दस्ता

राजपथ पर एनसीसी का दस्ता मार्च कर रहा है। इसका नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर रंजीत सिंह गुर्जर कर रहे हैं। यह विश्व के सबसे युवा संगठनों में से एक है। दस्ते में 100 कैडेट शामिल हैं।

10:38 AM, 26-Jan-2021

राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के जोशीले जवानों का दस्ता

राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के जोशीले जवान राजपथ पर मार्च कर रहे हैं। इन्हें ब्लैक कै कमांडो भी कहा जाता है। इसमें बम निरोधक स्कवॉड भी शामिल है।

10:36 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर सीमा सुरक्षा बल का ऊंट सवार दस्ता

राजपथ पर सीमा सुरक्षा बल का ऊंट सवार दस्ता मार्च कर रहा है। सभी जवानों की एक जैसी मूंछे हैं और सभी जवान छह फीट से ऊंचे हैं।

10:35 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर दिल्ली पुलिस का दस्ता

राजपथ पर दिल्ली पुलिस का दस्ता दिल्ली पुलिस की धुन पर मार्च कर रहा है।

10:35 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर हिमवीरों का दस्ता

राजपथ पर हिमवीरों का दस्ता मार्च कर रहा है। 

10:33 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर आईटीबीपी का दस्ता

राजपथ पर आईटीबीपी का दस्ता कदम-कदम बढ़ाए जा की धुन पर मार्च कर रहा है।

10:28 AM, 26-Jan-2021

नेवल ब्रास बैंड का दस्ता

भारतीय नौसेना के नेवल ब्रास बैंड ने गीत 'जय भारती' की धुन पर राजपथ पर मार्च किया। इसका नेतृत्व मास्टर चीफ पेट्टी ऑफिसर (संगीतकार) सुमेश राजन ने किया।
 
 

10:26 AM, 26-Jan-2021

गढ़वाल राइफल्स का मार्चिंग दस्ता

सेना की 17वीं बटालियन के कैप्टन राजपूत सौरभ सिंह के नेतृत्व में गढ़वाल राइफल्स का मार्चिंग दस्ता।
 
 

10:22 AM, 26-Jan-2021

पिनाका मल्टी लॉन्चर रॉकेट सिस्टम का दस्ता

कैप्टन विभोर गुलाटी के नेतृत्व में 841 रॉकेट रेजिमेंट (पिनाका) के पिनाका मल्टी लॉन्चर रॉकेट सिस्टम ने मार्च किया। 214 मिमी पिनाका एमबीआरएल दुनिया के सबसे उन्नत रॉकेट सिस्टम में से एक है। पूरी तरह से स्वचालित प्रणाली, यह बड़े क्षेत्र में कम समय के अंदर गोलाबारी पहुंचा सकता है।
 
 

10:20 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर मार्च करता टी-90 भीष्म टैंक

भारतीय सेना का मुख्य युद्धक टैंक, टी-90 भीष्म ने राजपथ पर मार्च की। इसकी कमान 54 आर्मर्ड रेजिमेंट के कैप्टन करणवीर सिंह भंगू के हाथ में है।
 
 

10:17 AM, 26-Jan-2021

शिल्का हथियार प्रणाली का दस्ता

शिल्का हथियार प्रणाली का दस्ता। लो एयर डिफेंस में टारगेट को साधने में सक्षम है। इसका नेतृत्व कैप्टन प्रीति चौधरी कर रही हैं। वह गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने वाली सेना की एकमात्र महिला कमांडर हैं।
 

10:16 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर टी-72 टैंक का दस्ता

राजपथ पर टी-72 टैंक का दस्ता मार्च कर रहा है। ये 3-5 मिन में पुल तैयार कर सकता है। 7-8 मिनट में उसे हटा भी सकता है।

10:14 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम ने मार्च किया

राजपथ पर ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम ने मार्च किया। इसका नेतृत्व कैप्टम कमरुल जमान ने किया। इसे भारत और रूस ने मिलकर बनाया है।

10:12 AM, 26-Jan-2021

परमवीर चक्र विजेता और अशोक चक्र विजेताओं ने राजपथ पर परेड की

परमवीर चक्र विजेता और अशोक चक्र विजेताओं ने राजपथ पर परेड की। परमवीर चक्र दुश्मन के सामने बहादुरी और प्राणों का बलिदान करने वाले जवानों को दिया जाता है। अशोक चक्र वीरता और प्राणों का बलिदान के समान कृत्यों के लिए दिया जाता है। ऐसा दुश्मन के सामने नहीं भी करने वाले जवान को मिलता है।
 

10:09 AM, 26-Jan-2021

बांग्लादेश के सशस्त्र सेना की एक टुकड़ी ने मार्च किया

बांग्लादेश के सशस्त्र सेना की एक टुकड़ी राजपथ पर मार्च कर रही है। 

10:01 AM, 26-Jan-2021

राष्ट्रपति ने राजपथ पर तिरंगा फहराया

राष्ट्रपति ने राजपथ पर तिरंगा फहराया। 233 फील्ड रेजीमेंट की बैटरी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को 21 तोपों की सलामी दी।
 
 

09:59 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पहुंचे राष्ट्रपति कोविंद

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राजपथ पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया।

09:57 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पहुंचे पीएम मोदी, थोड़ी देर में आएंगे राष्ट्रपति

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राजपथ के लिए रवाना गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  राजपथ पहुंच गए हैं, जहां उनका स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया।

09:36 AM, 26-Jan-2021

नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंच गए हैं। इस मौके पर उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथसिंह और तीनों सेनाओं मौजूद हैं। उन्होंने यहां शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
 


09:30 AM, 26-Jan-2021

प्रकाश जावड़ेकर ने फहराया तिरंगा

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गणतंत्र दिवस पर अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
 

 

09:27 AM, 26-Jan-2021

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारत को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मानवता को कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से मुक्त कराने के लिए दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं। भारत के 72वें गणतंत्र दिवस पर बोरिस को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने अपने देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अपनी यात्रा रद्द कर दी।

बोरिस ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक वीडियो संदेश में कहा कि यह एक 'असाधारण संविधान' के लागू होने का उत्सव है जिसने भारत को 'विश्व में सबसे बड़े संप्रभु लोकतंत्र' के तौर पर स्थापित किया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने आने वाले महीनों में भारत दौरे पर आने की बात भी दोहराई।

09:24 AM, 26-Jan-2021

शिवराज सिंह चौहान ने फहराया तिरंगा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गणतंत्र दिवस पर रीवा के एसएएफ ग्राउंड में तिरंगा फहराया।
 


 

09:20 AM, 26-Jan-2021

जम्मू कश्मीर में इंटरनेट सेवा निलंबित

जम्मू और कश्मीर में गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर कश्मीर घाटी में सुरक्षा उपाय के तौर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
 
 

09:15 AM, 26-Jan-2021

नीतीश कुमार ने फहराया तिरंगा

पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गणतंत्र दिवस पर अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
 

 

09:10 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर बैठे लोग

दिल्ली के राजपथ पर कोरोना वायरस के कारण सख्त शारीरिक दूरी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बैठे लोग।
 
 

09:05 AM, 26-Jan-2021

गणतंत्र दिवस भारत की बहुरंगी विविधता का प्रतीक है

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को 72वें गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा, 'गणतंत्र दिवस’ भारत की बहुरंगी विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। मैं उन सभी महान विभूतियों का स्मरण करता हूं, जिनके संघर्ष से 1950 में आज के दिन हमारा संविधान लागू हुआ और साथ ही उन सभी वीरों को नमन करता हूं जिन्होंने अपने शौर्य से भारतीय गणतंत्र की रक्षा की है।'

08:59 AM, 26-Jan-2021

ओम बिरला ने फहराया तिरंगा

दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गणतंत्र दिवस पर अपने आवास पर तिरंगा फहराया।
 
 

08:55 AM, 26-Jan-2021

भुवनेश्वर में राज्यपाल गणेशी लाल ने फहराया तिरंगा

भुवनेश्वर में ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी उपस्थित रहे।
 
 

08:50 AM, 26-Jan-2021

आउटपोस्ट पर आईटीबीपी के जवानों ने मनाया गणतंत्र दिवस

इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने लद्दाख में काफी ऊंचाई वाले बॉर्डर आउटपोस्ट में 72वां गणतंत्र दिवस मनाया।
 
 

08:45 AM, 26-Jan-2021

नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में फहराया तिरंगा

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गणतंत्र दिवस पर पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
 
 

08:40 AM, 26-Jan-2021

हमें हमेशा संविधान के सभी आदर्शों की रक्षा करनी चाहिए

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा, 'न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व।' हमें हमेशा संविधान के सभी आदर्शों की रक्षा, उसका संरक्षण और पालन करने का प्रयास करना चाहिए। गणतंत्र दिवस की हर भारतीय को हार्दिक बधाई। आज कोलकाता में आयोजित होने वाली परेड देशनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को समर्पित की गई है।
 

 

08:35 AM, 26-Jan-2021

कनॉट प्लेस में बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर कनॉट प्लेस और मदर टेरेसा क्रीसेंट मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाई गई।
 

08:30 AM, 26-Jan-2021

आईटीबीपी के जवानों ने किया मार्च

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने गणतंत्र दिवस के मौके पर लद्दाख में राष्ट्रीय ध्वज के साथ गणतंत्र दिवस पर फ्रोजन वाटर बॉडी पर मार्च किया।
 
 

08:25 AM, 26-Jan-2021

सीएम गहलोत ने फहराया तिरंगा

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगा फहराया
 

08:20 AM, 26-Jan-2021

नॉर्थ एवेन्यू में कड़ी है सुरक्षा

दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। नॉर्थ एवेन्यू का दृश्य।
 

08:15 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर दिखेगी 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की झांकी

इस बार 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में- गुजरात, असम, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तरप्रदेश, कर्नाटक, केरल, आंध्रप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, दिल्ली और लद्दाख की झांकी पेश की जाएगी।

08:10 AM, 26-Jan-2021

प्रत्येक नागरिक देश का भाग्य विधाता है: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा, 'भारत का प्रत्येक नागरिक देश का भाग्य विधाता है चाहे वो सत्याग्रही किसान-मजदूर हो या लघु-मध्यम व्यापारी, नौकरी तलाश करता युवा हो या महंगाई से परेशान गृहणी। गणतंत्र आपसे है, गणतंत्र आपका है। शुभकामनाएं!'
 

 

08:05 AM, 26-Jan-2021

आरएसएस प्रमुख ने अहमदाबाद में फहराया तिरंगा

गुजरात में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने गणतंत्र दिवस के मौके पर अहमदाबाद में तिरंगा फहराया।
 
 

08:00 AM, 26-Jan-2021

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सलामी लेने के बाद होगी परेड की शुरुआत

मंत्रालय ने कहा, 'प्रधानमंत्री देश के लिए बलिदान देने वाले नायकों पर पुष्प अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री और अन्य विशिष्टगण राजपथ पर परेड का गवाह बनेंगे।' परंपरा के मुताबिक झंडा फहराने के बाद राष्ट्रगान और 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सलामी लेने के बाद परेड की शुरुआत होगी।

07:55 AM, 26-Jan-2021

राष्ट्रीय समर स्मारक पर पीएम मोदी देंगे जवानों को श्रद्धांजलि

राष्ट्रीय समर स्मारक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के लिए बलिदान देने वाले नायकों को श्रद्धांजलि देने के साथ गणतंत्र दिवस परेड समारोह की शुरुआत होगी।

07:50 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर अंतिम चरण में है तैयारी

दिल्ली के राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड के लिए तैयारी अंतिम चरण में है। शारीरिक दूरी को ध्यान में रखते हुए लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
 

 

07:46 AM, 26-Jan-2021

डीआरडीओ की होगी दो झांकी

राफेल समेत वायु सेना के 38 विमान और भारतीय थल सेना के चार विमान मंगलवार को उड़ान में हिस्सा लेंगे। परेड के समय रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की इस बार दो झांकी होगी।

07:42 AM, 26-Jan-2021

दिल्ली में कड़ी है सुरक्षा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ी सुरक्षा की गई है। आईटीओ, यमुना ब्रिज और सुब्रमण्यम भारती मार्ग क्षेत्रों का दृश्य।
 
 

07:38 AM, 26-Jan-2021

वायुसेना हल्के लड़ाकू विमान तेजस पेश करेगी

भारतीय वायु सेना हल्के लड़ाकू विमान तेजस और देश में विकसित टैंक रोधी निर्देश मिसाइल ध्रुवास्त्र पर प्रस्तुति पेश करेगी।

 

07:27 AM, 26-Jan-2021

थल सेना इन हथियारों का करेगी प्रदर्शन

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि परेड के दौरान थल सेना अपने मुख्य जंगी टैंक टी-90 भीष्म, इनफैन्ट्री कॉम्बैट वाहन बीएमपी-दो सरथ, ब्रह्मोस मिसाइल की मोबाइल प्रक्षेपण प्रणाली, रॉकेट सिस्टम पिनाका, इलेक्ट्रॉनिक युद्धक प्रणाली समविजय समेत अन्य का दमखम प्रदर्शित करेगी।

गणतंत्र दिवस परेड पर इस साल नौसेना अपने पोत आईएनएस विक्रांत और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान नौसैन्य अभियान की झांकी पेश करेगी।
 

07:01 AM, 26-Jan-2021

पीएम मोदी ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने देशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं।
 

06:59 AM, 26-Jan-2021

बांग्लादेश सैन्य बल की 122 सदस्यीय टुकड़ी भी राजपथ पर कदमताल करेगी

मंत्रालय ने कहा कि बांग्लादेश सैन्य बल की 122 सदस्यीय टुकड़ी भी मंगलवार को राजपथ पर कदमताल करेगी। बयान में कहा गया, बांग्लादेश की टुकड़ी, बांग्लादेश के मुक्ति योद्धाओं की विरासत को आगे बढ़ाएगी जिन्होंने लोगों पर दमन और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठायी थी और बांग्लादेश को 1971 में आजादी दिलाई। भारत, 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर जीत के उपलक्ष्य में स्वर्णिम विजय वर्ष मना रहा है। इसी युद्ध के बाद बांग्लादेश अस्तित्व में आया था। 
 

06:38 AM, 26-Jan-2021

राजपथ पर शक्ति प्रदर्शन: झांकियों में नजर आया पूरा भारत, पहली बार आसमान में गरजा राफेल

भारत मंगलवार को गणतंत्र दिवस परेड के दौरान पहली बार राफेल लड़ाकू विमानों की उड़ान के साथ टी-90 टैंकों, समविजय इलेक्ट्रॉनिक युद्धक प्रणाली, सुखोई-30 एमके आई लड़ाकू विमानों समेत अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करेगा।

रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की झांकियों, रक्षा मंत्रालय की छह झांकियों अन्य केंद्रीय मंत्रालयों और अर्द्धसैनिक बलों की नौ झांकियों समेत 32 झांकियों में देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, आर्थिक उन्नति और सैन्य ताकत की आन बान शान नजर आएगी।

मंत्रालय ने कहा, स्कूली छात्र लोक नृत्य पेश करेंगे। ओडिशा में कालाहांडी के मनमोहक लोक नृत्य बजासल, फिट इंडिया मूवमेंट और आत्मनिर्भर भारत के अभियान की बानगी भी पेश की जाएगी। 

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें