दुनियाभर में ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ने के कारण 2023 में 25 लाख नए रोजगार पैदा हुए हैं। ऊर्जा क्षेत्र अब करीब सात करोड़ लोगों को जीविका दे रहा है। इस दौरान ऊर्जा आपूर्ति, बिजली संयंत्र, ऊर्जा दक्षता और वाहन निर्माण जैसे क्षेत्र में 3.8 फीसदी नौकरियों में वृद्धि हुई है, जो अन्य क्षेत्रों में नौकरियों में हुई 2.2 फीसदी की वृद्धि से अधिक है। यह जानकारी इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (आईईए) की नई रिपोर्ट में दी गई है।
वर्ल्ड एनर्जी एम्प्लॉयमेंट रिपोर्ट 2024 के अनुसार नवीकरणीय ऊर्जा में बदलाव से कई रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। यह क्षेत्र अब दुनियाभर में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार दे रहा है और हर साल ज्यादातर देश अक्षय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों का निर्माण, व्यापार और स्थापना कर रहे हैं। इस क्षेत्र में 32 फीसदी नौकरियां महिलाओं के पास हैं। हालांकि इस क्षेत्र में कुशल श्रमिकों की कमी अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। स्वच्छ ऊर्जा के साथ-साथ जीवाश्म ईंधन के क्षेत्र में भी नौकरियां बढ़ी हैं। 2023 में स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में 15 लाख नए अवसर पैदा हुए। साथ ही जीवाश्म ईंधन क्षेत्र में भी 9 लाख 40 हजार नौकरियों में इजाफा हुआ है।
2024 में नौकरियों में 3% की वृद्धि संभव
ऊर्जा क्षेत्र में 2023 के दौरान नौकरियों की वृद्धि मुख्य रूप से विनिर्माण क्षेत्र द्वारा प्रेरित थीं। यह बदलाव इसलिए हुआ क्योंकि स्वच्छ ऊर्जा निर्माण में निवेश 70% बढ़कर 200 बिलियन डॉलर हो गया है। यानी कंपनियां मांग को ध्यान में रखते हुए निवेश बढ़ा रही हैं। उम्मीद जताई गई है कि 2024 के दौरान ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी नौकरियों में तीन फीसदी की वृद्धि हो सकती है। हालांकि यह पिछले साल की तुलना में कम है। इसके लिए कुशल श्रमिकों की कमी, उच्च ब्याज दरें और ऊर्जा परियोजनाओं में नियोजित बदलाव जैसे कारण जिम्मेदार हैं।
सौर ऊर्जा सबसे आगे
आईईए के अनुसार साल-दर-साल स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी नौकरियों में 4.6 फीसदी की वृद्धि हुई है। इसमें स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े सभी क्षेत्रों का योगदान रहा है, लेकिन सौर ऊर्जा इसमें सबसे आगे है। सौर ऊर्जा क्षेत्र ने 2023 के दौरान 5 लाख से ज्यादा रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं। यह संख्या बढ़ने वाली है क्योंकि ज्यादा से ज्यादा देश सौर बुनियादी ढांचे में निवेश कर रहे हैं। इलेक्ट्रिक वाहन और बैटरी निर्माण के क्षेत्र ने भी रोजगार के 4 लाख 10 हजार नए अवसर पैदा किए हैं। तेल और गैस क्षेत्र ने 2023 में 6 लाख से ज्यादा नए रोजगार पैदा हुए हैं। दुनिया को ऊर्जा की जरूरत है इसलिए तेल और गैस की मांग कई सालों तक बनी रहेगी।
संबंधित वीडियो-