बॉलीवुड डांस मास्टर सरोज खान के कास्टिंग काउच के मुद्दे पर दिये बयान पर हंगामा हो गया है। उनके बयान की चौतरफा आलोचना हो रही है, ऐसे में कांग्रेस की पूर्व सांसद रेणुका चौधरी ने उनके सुर में सुर मिलाया है।
रेणुका ने कहा कि केवल फिल्म इंडस्ट्री में ही कास्टिंग काउच नहीं होता, यह सभी जगह होता है और यही सच्चाई है। उन्होंने कहा कि देश की संसद भी इससे अछूती नहीं है। यह ऐसा समय है जब लोगों को 'Me Too' कैंपेन के तहत आवाज उठाना चाहिए।
आपको बता दें कि सरोज खान ने कास्टिंग काउच के मुद्दे पर कहा था कि 'ऐसा सरकार के लोग करते हैं फिर आप लोग फिल्म इंडस्ट्री के पीछे क्यों पड़े रहते हो । फिल्म जगत कम से कम रोटी तो देता है । रेप करके छोड़ तो नहीं देता । ये सब लड़की के ऊपर होता है कि वो क्या चाहती है, अगर वो किसी के हाथ नहीं आना चाहती तो ना आए ।'
सरोज खान ने इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच को गलत नहीं ठहराया। उन्होंने कहा कि कास्टिंग काउच होना कोई नई बात नहीं है। यह तो बाबा आदम के जमाने से चले आ रहे हैं। हर लड़की के ऊपर कोई ना कोई हाथ साफ करने की कोशिश करता है।
बाद में हंगामा बढ़ते देख सरोज खान ने कहा कि 'मुझे खेद है। मैं माफी मांगती हूं। सरोज खान ने कहा, 'अगर तुम्हारे पास आर्ट है तो क्यों अपने आप को बेचोगे । फिल्म इंडस्ट्री के बारे में कुछ मत कहना । वह हमारी माई-बाप है ।'