पत्रकार नाविका कुमार को 'सुप्रीम' राहत
- फोटो : social media
पैगंबर विवाद से जुड़े नुपुर शर्मा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आज पत्रकार नाविका कुमार को भी राहत दे दी। विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों को लेकर उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गई है। मामले में पूर्व भाजपा नेता नुपुर को भी इसी तरह की राहत पूर्व में दी जा चुकी है।
यह मामला एक न्यूज चैनल के शो के दौरान पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक बातों के प्रसारण से संबंधित है। इस केस में नुपुर के अलावा पत्रकार नाविका कुमार के खिलाफ भी अलग-अलग राज्यों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस शो को लेकर भविष्य में दर्ज होने वाली FIR पर भी यह छूट कायम रहेगी और नाविका कुमार की गिरफ्तारी नहीं होगी। जिन राज्यों में FIR दर्ज हुई है, उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
पत्रकार नाविका कुमार ने सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर कर अपने खिलाफ दायर केस खारिज करने की मांग की है। इस पर जस्टिस कृष्ण मुरारी व जस्टिस हिमा कोहली की पीठ ने केंद्र, पश्चिम बंगाल सरकार व अन्य राज्य सरकारों को नोटिस जारी जवाब मांगा है।
बता दें, न्यूज चैनल पर बहस के दौरान भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर आपत्तिजनक बातें कही थीं। इसे लेकर देश के साथ कई अन्य देशों में भी बवाल मचा था। इसके बाद भाजपा ने नुपुर को पार्टी से निलंबित कर दिया है। नुपुर के खिलाफ भी कई राज्यों में केस दर्ज किए गए हैं। कई शहरों में विरोध प्रदर्शन व हिंसा व नुपुर का समर्थन करने वालों की हत्या के मामले भी सामने आए थे। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने नुपुर की जान को खतरे की आशंका पर गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।