केरल के विभिन्न इलाकों में पिछले 48 घंटों से हो रही बारिश के बीच कन्नूर में पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। मौसम पूर्वानुमान बताने वाले स्काईमेट के अनुसार, कन्नूर में पिछले 10 सालों में जुलाई में इतनी ज्यादा बारिश नहीं हुई थी। यानी कि बारिश ने पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
शुक्रवार से 21 घंटे में हुई बारिश के बाद शहर में 199 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो जुलाई के महीने के लिए पिछले 10 वर्षों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 18 जुलाई, 2009 को रिकॉर्ड बारिश 180.2 मिमी दर्ज की गई थी।
राज्य आपदा विभाग ने केरल के कई जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' घोषित कर रखा है। कन्नूर में 20-21 और 23-24 जुलाई को, वायनाड में 23 जुलाई को, कोझिकोड में 20, 21 और 23 जुलाई को, मलप्पुरम में 20 और 23 जुलाई को जबकि इदुक्की में 20, 22 और 23 जुलाई को अलर्ट घोषित किया गया है।
दो की मौत, चार लापता, पहाड़ी इलाकों में जाने की मनाही
पीटीआई के अनुसार, भारी बारिश के बीच दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन मछुआरों समेत चार लोगों के लापता होने की खबर है। मछली पकड़ने गए एक 53 वर्षीय व्यक्ति तिरुवल्ला में मणिमाला नदी में डूब गए, जबकि कोल्लम के एक 54 वर्षीय व्यक्ति की नारियल के पेड़ पर गिरने के बाद मौत हो गई। राज्य सरकार ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा न करने की सलाह दी है।