देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से पीड़ित 36,145 लोग ठीक हो चुके हैं। एक दिन में इस संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की यह संख्या सर्वाधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि कोरोना से ठीक होने की दर बढ़कर 63.92 फीसदी हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी बताया कि कोविड-19 के कारण मरने वालों की दर भी गिरकर 2.31 फीसदी रह गई है। रविवार को देश में कोविड-19 के मामले 13,85,522 पर पहुंच गए। इसके साथ ही ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी बढ़कर 8,85,576 हो गई।
देश में अब ठीक होने वाले लोगों की संख्या इलाज करवा रहे मरीजों के मुकाबले 4,17,694 अधिक है। मंत्रालय के अनुसार, इलाज करवा रहे मरीजों की तुलना में ठीक हो चुके मरीजों की संख्या 1.89 गुना अधिक है। इसके साथ ही देश में एक दिन के भीतर रिकॉर्ड 4,40,000 से अधिक जांच की गई।
अब तक देश में कोविड-19 की 1.6 करोड़ से अधिक जांच हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘पहली बार सरकारी प्रयोगशालाओं ने रिकॉर्ड 3,62,153 नमूनों की जांच की। निजी प्रयोगशालाओं ने भी एक दिन में 79,878 नमूनों की जांच की।’