पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर के एक विश्वविद्यालय में अब छात्रों को दुनिया के सबसे मशहूर काल्पनिक कहानी वाले नोवेल हैरी पॉटर से पाठ पढ़ाए जाएंगे। यहां नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ ज्यूरिडिकल साइंस (एनयूजेएस) ने ये फैसला लिया है कि छात्रों को लॉ और ज्यूरिस्प्रूडेंस के लेसन दिए जाएंगे। यह लेसन इन नोवेल्स पर आधारित होंगे। दिसंबर में शुरू होने वाले अगले सत्र से कोर्स शुरू हो जाएगा।
यह ऑप्शनल कोर्स फैकल्टी मेंबर शौविक कुमार गुहा द्वारा शुरू किया गया है। इसका नाम है, 'एन इंटरफेस बिटवीन फैंटेसी फिक्शन लिटरेचर एंड लॉ।' इसमें विशेष रूप से रोलिंग के पॉटरवर्स पर ध्यान दिया जाएगा। जिसका महत्व चौथी और पांचवीं साल के छात्रों के लिए अधिक है। इसे इसलिए डिजाइन किया गया है ताकि छात्रों को काल्पनिक दुनिया की स्थिति में कानूनी मानदण्ड लागू करने का अवसर मिले।
यह लगातार चलने वाले डिबेट के अवसर देगा ताकि कानून के छात्रों के सोचने के तरीके में सुधार हो क्योंकि वे पूरी तरह से नए परिदृश्य में कानूनी सिद्धांत लागू करेंगे। 45 घंटे का ये कोर्स दिसंबर में शुरू होगा और मध्य अप्रैल में खत्म होगा। जिसके दौरान छात्र जे के रोलिंग के कानूनी पहलुओं के बारे में जानेंगे। इस कोर्स को वैसे तो बहुत से छात्र करना चाहते हैं लेकिन इसके लिए केवल 40 सीट ही हैं।
इस कोर्स में शामिल होने की केवल एक ही शर्त है कि दाखिला लेने वाले छात्र ने हैरी पॉटर की सारी किताबें पढ़ी हों। कोर्स में 100 नंबर का पेपर भी होगा। गुहा का कहना है, 'हमारे ज्यादातर कोर्स कठिन हैं। हमने सोचा कि छात्रों को थोड़ी मोहलत दी जाए ताकि उन्हें कुछ वास्तविक सोचने का समय मिल सके।'