नोटबंदी पर उर्जित पटेल ने तोड़ी चुप्पी
- फोटो : self
रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल ने संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) को बताया है कि नोटबंदी के फैसले के कारण देश की जीडीपी में कुछ समय के लिए गिरावट आएगी। हालांकि नकदी के कम इस्तेमाल के कारण देश की अर्थव्यवस्था को इस फैसले के कारण आगे चल कर अनेक लाभ होंगे। उन्होंने समिति को बताया कि नकदी के इस्तेमाल को कम करने के लिए आरबीआई डिजिटल ट्रांजेक्शन में होने वाले खर्च को कम करने के लिए कई उपायों पर काम कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि आरबीआई एक ऐसा तंत्र विकसित करने में जुटा है, जिससे ऑनलाइन ट्रांजेक्शन पर होने वाला खर्च कम हो जाएगा। तंत्र विकसित करने के लिए आरबीआई इससे जुड़े सभी पक्षों से बात कर रहा है। पटेल ने इस दौरान निकट भविष्य में एटीएम और बैंकों में नकदी की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाने का आश्वासन भी दिया।
समिति के एक सदस्य के मुताबिक पटेल ने समिति को बताया कि इस कड़ी में 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक नई करेंसी को चलन में लाया जा चुका है। उन्होंने नोटबंदी के बाद बैंकों में बड़ी संख्या में जमा हुए पुराने 500 और 1000 के नोट पर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि आरबीआई की निगाह इस दौरान बैंक खातों में जमा हुई बड़ी और संदेहास्पद रकम पर है।