भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल का कोलकाता दौरा हंगामेदार रहा। बृहस्पतिवार को बैंक के केंद्रीय बोर्ड की बैठक के दौरान जहां सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेताओं व मंत्रियों ने रिजर्व बैंक के बाहर प्रदर्शन किया और नारे लगाए वहीं वापसी में एयरपोर्ट पर कांग्रेस समर्थकों ने पटेल के साथ धक्कामुक्की की और उनको काले झंडे दिखाए। वाममोर्चा समर्थकों ने भी पटेल के खिलाफ प्रदर्शन किया।
तृणमूल के नेताओं व मंत्रियों ने नोटबंदी और नई करेंसी की सप्लाई पर्याप्त नहीं होने के विरोध में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन बैंक के बाहर प्रदर्शन किया और 'उर्जित पटेल गो बैक' के नारे लगाकर काले झंडे भी दिखाए। तृणमूल नेताओं ने नोटबंदी का फैसला वापस लेने की भी मांग की।
सिंचाई मंत्री राजीव बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को इस बात की सफाई देनी चाहिए कि आखिर नोटबंदी का फैसला क्यों किया गया। उनका सवाल था कि अगर यह फैसला आम लोगों के हित में था तो 37 दिनों बाद भी लोगों को नकदी संकट से क्यों जूझना पड़ रहा है। बनर्जी ने इस बात पर हैरत जताई कि जो फैसला रिजर्व बैंक के गवर्नर को लेना चाहिए था वह प्रधानमंत्री ले रहे हैं।