फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विदेश मंत्रालय ने कहा- नित्यानंद का पासपोर्ट रद्द किया गया, सभी दूतावास इस मामले में सतर्क

Fri, 06 Dec 2019 05:45 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
Raveesh Kumar, MEA - फोटो : ANI
विज्ञापन

सूडान में चीनी मिट्टी के कारखाने में मंगलवार को एलीपीजी टैंकर में विस्फोट होने से 23 लोगों की मौत हो गई थी और 130 से अधिक लोग घायल हो गए थे। सूडान में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को हुई घटना में भारतीयों के मारे जाने की सूचना दी थी। हालांकि उसने मृतकों की संख्या के बारे में नहीं बताया था। 

विज्ञापन


विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सूडान में हुई घटना में भारतीयों के मारे जाने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि 58 भारतीय मजदूर कारखाने में काम कर रहे थे, जिनमें से छह की मौत हो गई है। आठ लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। 11 लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। 33 लोग सुरक्षित हैं।
 


हादसे का शिकार हुए भारतीयों में कुछ तमिलनाडु के भी हैं। इस पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा, 'सूडान के खार्दूम में हुए हादसे का शिकार हुए भारतीयों में तमिलनाडु के तीन नागरिक लापता हैं और अन्य तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं आपसे लापता लोगों की पहचान के लिए और घायलों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए निजी तौर पर दखल देने का अनुरोध करता हूं।'
विज्ञापन


सूडान सरकार ने घटना  की पुष्टि करते हुए बताया था कि, 23 लोगों की मौत हो गई है और 130 से अधिक लोग जख्मी हो गए। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चला है कि घटनास्थल पर सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण नहीं थे। सरकार ने कहा कि वहां पर ज्वलनशील पदार्थों का अनुचित तरीके से भंडार किया गया था जिससे आग फैल गई।

18 भारतीयों का समुद्री लुटेरों ने किया अपहरण

हांगकांग के ध्वज वाले जहाज में सवार 18 भारतीय नागरिकों का नाइजीरियाई तट के पास समुद्री लुटेरों ने अपहरण कर लिया था। क्षेत्र में समुद्री विकास पर नजर रखने वाली एक वैश्विक एजेंसी ने यह जानकारी दी थी। रवीश कुमार ने इसकी भी पुष्टि करते हुए कहा कि, तीन दिसंबर को नाइजीरिया के पास समुद्री इलाके से 18 भारतीय राष्ट्रीय चालक दल के सदस्यों का अपहरण कर लिया गया था। इस पर हम नाइजीरियाई अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

जहाजों की गतिविधियों पर नजर रखने वाली एआरएक्स मैरीटाइम के मुताबिक समुद्री लुटेरों ने मंगलवार को हांगकांग के झंडे वाले ‘वीएलसीसी, एनएवीई कान्स्टलेशन’ जहाज पर हमला किया था जब वह नाइजीरिया से होकर जा रहा था। जहाज पर कुल 19 लोग सवार थे, जिनमें 18 भारतीय थे।

नित्यानंद का पासपोर्ट रद्द

रवीश कुमार ने भगोड़े स्वयंभू भगवान नित्यानंद पर कहा कि, हमने उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया है और नए पासपोर्ट के लिए उनका आवेदन खारिज कर दिया है। हमने इस बारे में अपने सभी दूतावासों को अवगत करा दिया है कि यह व्यक्ति अपराध के कई मामलों में वांछित है। इस मामले में हमने अपने सभी दूतावासों से स्थानीय सरकार के संपर्क में रहने को कहा है।
 


भारत-जापान शिखर सम्मेलन 15-17 दिसंबर को

 रवीश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि भारत-जापान शिखर सम्मेलन 15-17 दिसंबर तक होने वाला है।

कुलभूषण मामले में कूटनीतिक बातचीत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने जासूसी के आरोप में पाकिस्तानी जेल में बंद कुलभूषण मामले में कूटनीतिक चैनल के जरिये बातचीत जारी रहने की सूचना दी। उन्होंने कहा कि भारत लगातार कूटनीतिक चैनल के जरिये पाकिस्तान के संपर्क में है। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान पर आतंकवाद के मामले में अपने पुराने रवैये में बदलाव न लाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुबूत दिये जाने, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव के बावजूद पाकिस्तान मुंबई आतंकी हमले के आरोपियों को प्रश्रय दे रहा है।

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें