राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सत्ता पक्ष को मुद्दा थमा दिया है। भाजपा ने कांग्रेस को महिला विरोधी बताते हुए संसद में इसका कड़ा विरोध किया है और सड़क पर उतरकर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया है। पार्टी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से माफी मांगने के लिए कहा है। संसद में महंगाई और ईडी के मामलों पर पिछड़ रही भाजपा को अधीर रंजन चौधरी के बयान से ताकत मिल गई है और वह कांग्रेस पर हमलावर हो गई है।
भाजपा ने राष्ट्रपति पद के लिए एक आदिवासी महिला को सामने लाकर स्वयं को महिला हितैषी होने और आदिवासी हितों की रक्षक करार देने का रणनीतिक संकेत देने की कोशिश की थी। वह विपक्षी दलों को आदिवासियों की कम हितैषी करार देने की रणनीति पर काम कर रही थी। चूंकि, राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार के पहले विपक्ष का उम्मीदवार सामने आ चुका था, लिहाजा एनडीए विपक्ष पर बड़ा हमला नहीं कर पाया, लेकिन अधीर रंजन चौधरी के बयान ने केंद्र को वह अवसर उपलब्ध करा दिया है।
हालांकि, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने अपने बयान पर माफी मांग ली है, लेकिन भाजपा हाथ में आया मुद्दा छोड़ना नहीं चाहेगी और वह इसके बल पर पूरे संसद सत्र में विपक्ष को घेरने का काम करेगी।
कांग्रेस नेता के बयान का विरोध सड़कों पर भी किया जा रहा है। दिल्ली प्रदेश भाजपा ने चौधरी के बयान के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष के महिला होने के बाद भी उनकी पार्टी के नेता देश के सर्वोच्च पद पर विराजमान महिला का अपमान कर रहे हैं। इससे कांग्रेस नेताओं की असलियत सामने आ जाती है।
हालांकि, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने अपने बयान पर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा है कि हिंदी भाषी क्षेत्र का न होने के कारण उन्होंने गलती से राष्ट्रपति के लिए गलत शब्दों का चयन कर लिया। लेकिन उनका इरादा किसी को चोट पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी गलती का तुरंत एहसास हो गया था कि उनके शब्द चयन में गलती हुई। इसके बाद उन्होंने इसे मीडिया में जारी न करने के लिए कहा था, लेकिन इसे जारी कर दिया गया जिससे यह हंगामा खड़ा हो गया। कांग्रेस नेता ने कहा कि वे महिलाओं का पूरा सम्मान करते हैं। वे आदिवासी समुदाय का भी पूरा सम्मान करते हैं और उनकी गलती को एक शब्द में हुई चूक समझा जाना चाहिए।