लोकसभा चुनाव 2024 के लिए एनडीए और विपक्षी गुट I.N.D.I.A ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद अयोग्यता पर सुप्रीम कोर्ट से रोक लगने के बाद उनके चुनाव लड़ने पर चर्चा तेज होने लगी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा था कि राहुल गांधी अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
अमेठी सीट का सियासी गणित क्या है?
अमेठी लोकसभा सीट उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से एक है। ऐतिहासिक तौर पर यह सीट गांधी-नेहरू परिवार का गढ़ रही है। 1977 में इस सीट से संजय गांधी ने चुनाव लड़ा था तब उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 1980 में संजय गांधी यहां से जीते। तब से 2019 तक जब भी नेहरू-गांधी परिवार का कोई सदस्य यहां से लड़ा उसे जीत मिली। 2019 में पहली बार इस परिवार का कोई सदस्य इस सीट से हारा।