दुनियाभर की साइबर सिक्योरिटी में दहशत पैदा करने वाला ‘वानाक्राई रैन्समवेयर’ वायरस ने तिरुपति बालाजी मंदिर को भी अपनी चपेट में ले लिया है। इस वायरस द्वारा मंदिर के कामकाज में इस्तेमाल होनेवाले दस कंप्यूटर हैक कर लिए गए हैं। इसके बाद बाकी बचे 20 कंप्यूटरों पर काम रोक दिया गया है।
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के नए कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार सिंघल ने बुधवार को घोषणा की कि मंदिर प्रशासन के कुछ कंप्यूटरों को हैक किया गया है, लेकिन इन कंप्यूटरों का इस्तेमाल केवल कुछ प्रशासकीय कामों के लिए किया जाता था। इसमें कोई ऐसी जानकारी नहीं थी जिससे हैकर्स हमें नुकसान पहुंचा सके।
जिन कंप्यूटरों को हैक किया गया है वो पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम पर चल रहे थे। गौरतलब है कि श्रद्धालु प्रतिवर्ष हजारों करोड़ों का दान ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से तिरुपति मंदिर प्रशासन को करते हैं। सिंघल ने कहा कि भविष्य में किसी तरह के खतरे से निपटने के लिए मंदिर प्रशासन आईटी विशेषज्ञों से बातचीत कर रहा है।