राज्यसभा के लिए 17 राज्यों में 55 सीटों पर 26 मार्च को निर्धारित मतदान से पहले ही कई राज्यों में 38 प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए। एनसीपी प्रमुख शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा सहित कुछ राज्यों में सत्ताधारी दलों के उम्मीदवारों के खिलाफ विपक्ष ने अपने प्रत्याशी नहीं उतारे। दरअसल, 18 मार्च को नाम वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने निर्विरोध चुने गए प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया।
ये हैं निर्विरोध निर्वाचित सदस्य
- महाराष्ट्र से एनसीपी के शरद पवार, फौजिया खान, भाजपा के उदयनराजे भोसले व भागवत कराड, राजग सहयोगी आरपीआई के रामदास आठवले, शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी और कांग्रेस के राजीव सातव चुने गए हैं।
- तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के एम थंबीदुरई, केपी मुनुसामी, अन्नाद्रमुक के सहयोगी तमिल मनीला कांग्रेस के जीके वासन, डीएमके के तिरुची सिवा, एनआर एलांगो और पी सेल्वरासु निर्वाचित हुए हैं।
- बिहार से जदयू के हरिवंश और रामनाथ ठाकुर, राजद से प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्रधारी सिंह, भाजपा से विवेक ठाकुर चुने गए।
- प. बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की अर्पिता घोष, दिनेश त्रिवेदी, सुब्रत बख्शी, मौसम नूर व कांग्रेस समर्थित माकपा के बिकास रंजन भट्टाचार्य।
- ओडिशा में बीजू जनता दल के चारों उम्मीदवार सुभाष सिंह, मुन्ना खान, सुजीत कुमार और ममता महंता निर्वाचित हुए।
- हरियाणा से भाजपा प्रत्याशी रामचंदर जांगड़ा, दुष्यंत कुमार गौतम और कांग्रेस के दीपेंदर सिंह हुड्डा चुने गए।
- असम में भाजपा के भुवनेश्वर कालिता, बोडो पीपुल्स फ्रंट के बिस्वजीत दायमरी, कांग्रेस-एआईयूडीएफ समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार अजीत भुइयां।
- छत्तीसगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम।
- तेलंगाना से टीआरएस के केशव राव और सुरेश रेड्डी निर्वाचित।
- हिमाचल प्रदेश की एकमात्र सीट पर भाजपा की इंदु गोस्वामी विजयी रहीं।