सत्ता पक्ष और विपक्ष की खींचतान के चलते तनावपूर्ण हो चला संसद का माहौल उस वक्त कुछ खुशनुमा हो गया, जब मल्लिकार्जुन खरगे के सवाल का जवाब देते हुए राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने अपनी राजनीतिक यात्रा पर चर्चा शुरू कर दी। धनखड़ ने कहा, एक समय वह धरती की सबसे बड़ी पार्टी (भाजपा) के सदस्य रह चुके हैं, मगर वर्तमान में उनके ज्यादातर मित्र उनकी बाईं तरफ (विपक्ष में) बैठे हैं।
सियासी सफर: कई दिग्गजों संग काम करने का मिला अवसर
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जानना चाहा कि सभापति किन-किन दलों में रहे हैं। इस पर, धनखड़ ने अपनी सियासी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्य बात यह है कि मेरे ज्यादातर मित्र मेरी बाईं तरफ हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें विभिन्न दलों के कई दिग्गजों के साथ काम करने का अवसर मिला है।
खत्म नहीं हुआ गतिरोध, सातवें दिन भी संसद की कार्यवाही ठप
संसद में सरकार और विपक्ष के बीच राहुल बनाम जेपीसी की जंग लगातार सातवें दिन जारी रही। मंगलवार को भी भारी हंगामे व नारेबाजी के चलते संसद की कार्यवाही ठप रही। गतिरोध तोड़ने के लिए लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा सभापति की पहल भी बेअसर रही।