रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सीडीएस जनरल बिपिन रावत और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर स्थिति और सुरक्षा को लेकर चर्चा की। इस बात की जानकारी सूत्रों ने दी है।
राजनाथ सिंह लगातार सैन्य अधिकारियों के साथ कर रहे हैं बैठक
चीन के साथ सीमा विवाद के बीच एलएसी पर स्थिति और सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सजग है। राजनाथ सिंह लगातार सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके अलावा सीमा पर तैनात जवानों की भी हौसला अफजाई की जा रही है। दो दिन पहले ही राजनाथ सिंह ने भारतीय नौसेना की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि नौसेना की तैयारियों पर पूरा भरोसा है। भारतीय नौसेना किसी भी चुनौती का माकूल जवाब दे सकती है।
नौसेना के शीर्ष कमांडरों के तीन दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा था कि भारतीय नौसेना ने प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर जहाजों और विमानों को तैनात कर समुद्री हितों की रक्षा के लिए मिशन-आधारित तैनाती को प्रभावी ढंग से पूरा किया है। उल्लेखनीय है कि सीमा विवाद के बाद चीन को स्पष्ट संदेश देने के लिए भारतीय नौसेना ने हिंद महासगार क्षेत्र के अग्रिम मोर्चों पर युद्धपोतों और पनडुब्बियों की तैनाती की है।