उत्तर प्रदेश में साल 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी की परिवर्तन रैली सोमवार को कैराना पहुंची। इसमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए।
विज्ञापन
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, रैली को संबोधित करते हुए हुए राजनाथ सिंह ने कहा, 'प्रदेश की क्या हालत हो गई है। बहनों-माताओं की इज्जत लूटी जा रही है। लोगों को झूठे केसों में फंसाया जा रहा है। ऐसे लोग जो गुंडागर्दी के आधार पर लोगों में दहशत पैदा करने का काम करते हैं, बीजेपी की सरकार आने के बाद हम देखेंगे उसने कितना मां का दूध पिया है।'
बताते चलें कि कैराना से बीजेपी सांसद हुकुम सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र में हिंदुओं के पलायन का मुद्दा उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुस्लिम लोगों की वजह से वहां के हिंदू पलायन कर रहे हैं। उन्होंने नारा दिया है, मां बहनों के सम्मान में, बीजेपी मैदान में।'
विज्ञापन
बीजेपी सांसद ने जारी की थी लिस्ट
hukum singh
- फोटो : ब्यूरो/ अमर उजाला, शामली
बताते चलें कि यूपी के शामली में सांसद हुकुम सिंह ने सूची जारी कर दावा किया था कि कैराना से 346 हिंदू परिवारों ने गुंडागर्दी से बनी दहशत के कारण पलायन कर दिया है। हुकुम सिंह ने बताया कि पूर्व में उन्हें 250 हिंदू परिवारों के पलायन की जानकारी थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लगाकर सूची तैयार कराई। जिसमें 346 हिंदू परिवारों का पलायन सामने आया है। हुकुम सिंह ने कहा कि कैराना के हालात पहले ऐसे नहीं थे, लेकिन जब से प्रदेश में सपा सरकार बनी है, तब से गुंडागर्दी चरम पर है।
बदमाशों ने कैराना में रंगदारी न देने पर व्यापारियों की हत्या की, लूटपाट की गई। यही नहीं कैराना के आसपास के गांवों में बहू बेटियों की इज्जत भी सुरक्षित नहीं रही। इसका नतीजा है कि बीते तीन साल के भीतर ही कैराना से बड़े पैमाने पर लोगों ने पलायन किया।
राजनाथ सिंह कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने ओलावृष्टि और बाढ़ से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए तीन हजार करोड़ रुपये उत्तर प्रदेश सरकार को दिए, मगर किसानों तक लाभ नहीं पहुंचा। पहले 50 प्रतिशत फसल नष्ट होने पर ही मुआवजा दिलाया जाता था, मगर हमने 33 प्रतिशत नुकसान पर भी मुआवजा दिलाया। उन्होंने कहा कि देश में जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां विकास परवान चढ़ रहा है और हर वर्ग खुशहाल है, जबकि उत्तर प्रदेश में बुरा हाल है।
इसके साथ ही कैराना में आपराधिक गतिविधियों को लेकर राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने दो, दहशत फैलाने वाले बदमाशों को छठी का दूध याद दिला देंगे। इसके अलावा आतंकवाद को लेकर उन्होंने पाकिस्तान पर हमला बोला और कहा कि हमारे सैनिकों में इतना दम है कि सीमा पार जाकर भी सबक सिखा सकते हैं। इस दौरान भाजपा सांसद हुकुम सिंह, सांसद कृष्णपाल गुर्जर, सांसद संजीव बालियान, सांसद राघव लखनपाल, विधायक सुरेश राणा, सांसद सतपाल सिंह, विधायक प्रदीप चौधरी आदि ने विचार रखे। मंच पर पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री का फूलमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया।