दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के पुरस्कार मिलने की घोषणा पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा मैं यह पुरस्कार मेरे दोस्त और बस ड्राइवर राज बहादुर, गुरु स्वर्गीय बालाचंदर को समर्पित करता हूं, जिनकी वजह से मैं रजनीकांत बना।
इसके अलावा मेरे भाई सत्यनारायण राव और उन सभी लोगों को यह पुरस्कार समर्पित है, जिन्होंने मेरी अभिनय यात्रा में अपना साथ दिया। मैं भगवान को धन्यवाद देता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रजनीकांत को अपने बधाई संदेश में कहा, बेहद खुशी की बात है कि थलाइवा को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया जाएगा। वह कई पीढ़ियों में लोकप्रिय रहे हैं और उनके अच्छे काम की एक लंबी सूची है।
पीएम के ट्वीट के जवाब में रजनीकांत ने कहा, मेरे सम्मानित और प्रिय नरेंद्र मोदी जी आपकी शुभकामना से अभिभूत हूं। मैं तहे दिन से आपका, प्रकाश जावड़ेकर, ज्यूरी सदस्यों और भारत सरकार का धन्यवाद करता हूं।
पुरस्कार की घोषणा के बाद अभिनेता के पास फिल्म और राजनीतिक हलकों से बधाइयों का तांता लग गया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने फोन करके थलाइवा को बधाई दी।
उन्होंने कहा, फिल्म उद्योग में रजनीकांत के कड़े परिश्रम के कारण उन्हें फाल्के पुरस्कार मिला। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें ऐसे अनेक पुरस्कार मिले और वह दीर्घायु हों। वहीं द्रमुक नेता स्टालिन ने कहा, हालांकि देर से मिला, लेकिन इसका स्वागत करते हैं। कमल हासन ने बधाई देते हुए कहा कि यह श्रेष्ठ पुरस्कार रजनीकांत जैसे कलाकार के लिए बिलकुल उपयुक्त है।
पांच सदस्यों की ज्यूरी ने की सिफारिश
सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि इस साल फाल्के पुरस्कार का चयन आशा भोंसले, मोहनलाल, सुभाष घई, बिश्वजीत चटर्जी और शंकर महादेवन की ज्यूरी ने किया है। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने सर्वसम्मति से रजनीकांत को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार देने की सिफारिश की, जिसे हमने स्वीकृति दे दी।
‘अपूर्व रागंगल’ से फिल्मी करियर की शुरुआत
एक्शन के मास्टर थलाइवा ने फिल्मी करियर की शुरुआत 1975 में तमिल फिल्म अपूर्व रागंगल से की थी। उन्होंने बिल्ला, मुथु, शिवाजी और एंथीरन जैसी कई सुपर हिट फिल्में दीें। इसके अलावा उन्होंने अंधा कानून, हम, भगवान दादा, चालबाज और आतंक ही आतंक जैसी बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी काम किया है।
प्राण, अमिताभ सहित 50 लोगों को मिल चुका है पुरस्कार
अभिनेता प्राण, शशि कपूर, मनोज कुमार, विनोद खन्ना और अमिताभ बच्चन सहित अब तक 50 लोगों को यह सम्मान दिया जा चुका है।