राजस्थान के सिरोही जिले में एक भ्रष्ट तहसीलदार ने उसे दबोचने के लिए पहुंची एसीबी की टीम को देख 20 लाख रुपये के नोट घर के चूल्हे में जलाने का प्रयास किया। हालांकि वह इन नोटों को पूरी तरह जलाकर राख कर पाता उससे पहली टीम ने उसे दबोच लिया और अधजले नोट जब्त कर लिए।
घटना सिरोही के पिंडो बारात तहसील की है। शिकायत मिलने पर राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन को पकड़ने पहुंची थी। टीम को देखते ही तहसीलदार जैन ने अपने घर का दरवाजा बंद कर लिया और अपने पास रखे 20 लाख रुपये जलाने का प्रयास किया। हालांकि एसीबी की टीम दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गई और घूस के सबूत रफा-दफा करने में तहसीलदार को कामयाबी नहीं मिली। टीम ने आधे जले नोटों के साथ आरोपी कल्पेश कुमार जैन को गिरफ्तार कर लिया।
इस काम के लिए मांगी थी रिश्वत
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तहसीलदार जैन क्षेत्र में आंवले की छाल का ठेका देने के लिए लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इसके बाद एसीबी ने पाली से अपनी टीम को मौके पर भेजा। पहले राजस्व निरीक्षक परबत सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया। परबत सिंह ने पूछताछ में बताया कि यह पैसा तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन के लिए वसूल रहा था। इस पर परबत सिंह को लेकर एसीबी की टीम जैन के घर पहुंची तो उसने हड़बड़ा कर घर में रखे नोट जलाने का प्रयास किया।
डेढ़ लाख से ज्यादा रुपये सही सलामत मिले
तहसीलदार जैन ने चूंकि चूल्हे में नोट डाल दिए थे, इसलिए करीब 20 लाख रुपये के नोट आधे जल गए, जबकि एक लाख 60 हजार रुपये के नोट सही सलामत मिले। उन्हें जब्त कर लिया गया। तहसीलदार जैन से पूछताछ कर उसकी संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है।