राजस्थान की राजसमंद पुलिस ने मुस्लिम अधेड़ की हत्या करने वाले शंभूलाल रेगर के समर्थन में उनकी पत्नी के नाम पर खुले बैंक अकाउंट को फ्रीज कर दिया। इस बैंक अकाउंट में 3 लाख रुपये जमा किये गए थे। आपको बता दें कि शंभूलाल रेगर को पश्चिम बंगाल के एक मुस्लिम अधेड़ की हत्या और उसे जलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शंभूलाल ने इस घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर फैलाया था।
पढ़ें: संसद के शीतकालीन सत्र में चढ़ा रहेगा सियासी पारा, आज सर्वदलीय बैठक
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शंभूलाल के समर्थन में 516 लोगों ने भारी मात्रा में रुपये दान किये और जिस अकाउंट में यह रुपये जमा किये जा रहे थे वह शंभूलाल की पत्नी सीता के नाम से चलाया जा रहा था। पुलिस ने दो व्यापारियों को भी गिरफ्तार किया था जिन्होंने अपनी डोनेशन स्लिप को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि सोशल मीडिया पर शंभूलाल की पत्नी का बैंक अकाउंट वायरल करके पैसों की मदद मांगी जा रही है। उदयपुर रेंज के आईजी आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि हमने रेगर के समर्थन में चल रहे बैंक अकाउंट को फ्रीज कर दिया है, इस अकाउंट में तीन लाख रुपये जमा किये गए थे। हम जांच करेंगे कि इस अकाउंट में किन लोगों ने पैसा जमा किया था।
पढ़ें: गुजरात चुनाव: बीजेपी विधायक ने खुद की पार्टी को बताया भ्रष्ट, ऑडियो वायरल
आपको बता दें कि पुलिस ने उदयपुर में धारा 144 लगा दी थी और इंटरनेट सर्विस को सस्पेंड कर दिया गया था। इस बात की आशंका जताई गई थी कि कुछ हिंदू संगठन रेगर के समर्थन में गुरुवार को एक रैली का आयोजन करने वाले हैं।