अजमेर के कलेक्ट्रेट परिसर में महिला वकील और मुंशी के बीच सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। यहां बुधवार दोपहर को एडीएम सिटी कार्यालय के बाहर मामूली विवाद को लेकर महिला वकील पुष्पा पंवार और मुंशी विजयलक्ष्मी आपस में भिड़ गईं।
जानकारी के मुताबिक, झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक- दूसरे को जमीन पर लिटा दिया। मामला ज्यादा बढ़ते देख वहां मौजूद लोगों ने बीच- बचाव किया। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच मोबाइल से तस्वीर खींचने को लेकर यह विवाद हुआ है।
इस मामले में महिला वकील पुष्पा ने अपने मोबाइल से विजयलक्ष्मी की फोटो खींच ली। इसके बाद विजयलक्ष्मी ने पुष्पा का मोबाइल फोन छीन लिया। महिला वकील ने मुंशी पर मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया परिसर में जमकर पिटाई करने लगीं। बता दें कि दोनों के बीच पहले से ही वकील की टेबल लगाने को लेकर विवाद चल रहा था।
इस हाथापाई के बाद मुंशी विजयलक्ष्मी परिसर में स्थित पानी की टंकी में आत्महत्या करने के इरादे से कूद गईं। हालांकि उन्हें वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया गया है। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उन पर शांतिभंग करने के तहत कार्रवाई की है।