'मौत को चैलेंज मत करो, ऐसे बकवास स्टंट से दूर रहो और अपने दोस्तों को भी सेफ रहने का संदेश दो'। बड़ी गंभीरता से और खुद को जिम्मेदार पुलिस साबित करने की कोशिश में राजस्थान पुलिस ने अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर ये संदेश किकि चैलेंज को लेकर दिया। जयपुर पुलिस के इरादे तो नेक थे लेकिन किकि चैलेंज से जान को खतरा हो सकता ये बताने के लिए उसे झूठ का सहारा लेना पड़ा। राजस्थान पुलिस ने अपनी पोस्ट के जरिए एक जीते-जागते युवक को मृत घोषित कर दिया ।
इस युवक का नाम जवाहर सुभाष चंद्र है जो कोच्ची का रहने वाला है। सोशल मीडिया पर इस तस्वीर की जानकारी सबसे पहले जवाहर की पत्नी को मिली। 30 साल के जवाहर इस वॉयरल हो रही तस्वीर का सच खुद बताया कि जयपुर पुलिस की पोस्ट देखकर पहला फोन मेरी पत्नी का आया। युवक की पत्नी ने पूछा कि आपको क्या हो गया? जवाहर ने तस्वीर को पहचानते हुए ये भी बताया कि पोस्ट में इस्तेमाल की गई फोटो आज से 10 साल पहले की है जब वो मॉडलिंग भी करते थे।
उसी फोटो को जयपुर पुलिस ने अपने संदेश वाली पोस्ट में इस्तेमाल किया है।
जवाहर का कहना है कि उसने कभी भी किकी चैलेंज नहीं लिया पर जयपुर पुलिस का पेज देखकर वो हक्का बक्का रह गया। इस फोटो के सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही उसके परिजन और दोस्त उसे लगातार फोन कर रहे हैं। एक पोस्ट से उसे और उसके परिवार को हिला दिया है पर समाज की भलाई के लिए वो इसके लिए भी तैयार हैं। जवाहर ने दरियादिली दिखाते हुए कहा 'अगर मेरी तस्वीर पर फूल चढ़ा देखकर युवा किकि चैलेंज से दूर रहते हैं तो मुझे अच्छा लगेगा' ।
जवाहर के परिजनों ने जब जयपुर पुलिस को भी इस संबंध में बताया तो जयपुर पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल ने इसकी जांच की। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह सच है कि जवाहर जिंदा है, लेकिन हमारी सोशल मीडिया टीम ने यह फोटो एक वेबसाइट से खरीदी है, जो पूरी तरह से लीगल है। इसलिए इसमें पुलिस की कोई गलती नहीं है। पुलिस कमिश्नर ने कहा- 'हमने ये फोटो एक वेबसाइट से खरीदा था, जो पूरी तरह से लीगल है। जयपुर पुलिस की इसमें गलती नहीं और जवाहर की तस्वीर पोस्ट से हटाने के निर्देश दे दिए गये हैं'।
दरअसल,देश में युवाओं के बीच किकि चैलेंज को लेकर काफी उत्सुकता है जिसे वो खूब आजमा भी रहे हैं। इस चैंलेंज से होने वाले खतरनाक हादसे को देखते हुए देश भर के राज्य पुलिस को एडवायजरी जारी की गई है। जयपुर पुलिस ने भी युवाओं में इसे लेकर जागरूकता लाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और एक युवक की किकि चैलेंज से हुई मौत के बारे में बताया। पुलिस ने जवाहर के हार चढ़े फोटो के नीचे लिखा है कि जवाहर का जन्म फरवरी 1995 में हुआ और किकी चैलेंज के कारण जुलाई 2018 में मौत हो गई। पुलिस ने फोटो के नीचे लिखा है कि किकी के प्यार ने उसे मौत के आगोश में पहुंचा दिया।
सोशल मीडिया की जरूरत ने पुलिस को भी चकमा दे दिया और उसे असहज परिस्थिति का सामना करना पड़ा। ये अपने आप में बड़ा उदाहरण हैं कि सोशल मीडिया पर मौजूद हर जानकारी सही और सच्ची नहीं होती। बहरहाल,दुनिया भर में कई देशों जैैसे मिस्र,जॉर्डन,और यूएई में किकि पर रोक लगाई गई है और चैलेंज एक्सेप्ट करने वालों को जेल भी भेजा जा रहा है। भारत में भी हर राज्य को किकि चैलेंज को रोकने के लिए एडवॉयजरी जारी कर दी गई है।