फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan: राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले संघ का बड़ा जमावड़ा, RSS प्रमुख समेत जुटेंगे 3,000 प्रतिनिधि

Thu, 06 Apr 2023 05:45 PM IST
Harendra Chaudhary डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Rajasthan: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों का कहना है कि हर पांच साल में राष्ट्रीय सेवा भारती की ओर से राष्ट्रीय सेवा संगम आयोजित किया जा रहा है। पहला सेवा संगम साल 2010 में बेंगलुरु में आयोजित किया गया था...
विज्ञापन
RSS chief Mohan Bhagwat - फोटो : ANI (File Photo)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक बहुत बड़ा आयोजन करने जा रहा है। संघ के सक्रिय संगठन राष्ट्रीय सेवा भारती की ओर से सात से नौ अप्रैल तक जयपुर के केशव विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा संगम का आयोजन किया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन संघ प्रमुख डॉ. मोहनराव भागवत सात अप्रैल को करेंगे। जबकि इस समारोह में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में देशभर से सामाजिक क्षेत्र में काम करने वाले एक हजार से ज्यादा संगठन के तीन हजार से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल होंगे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों का कहना है कि हर पांच साल में राष्ट्रीय सेवा भारती की ओर से राष्ट्रीय सेवा संगम आयोजित किया जा रहा है। पहला सेवा संगम साल 2010 में बेंगलुरु में आयोजित किया गया था। इसमें 980 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। साल 2015 में दूसरा सेवा संगम नई दिल्ली में आयोजित हुआ। उसका श्रेय वाक्य समरस भारत, समर्थ भारत रहा। इसमें 3500 प्रतिनिधि ने भाग लिया और अब तीसरा सेवा संगम जयपुर में 7, 8 और 9 अप्रैल को होने जा रहा है।

सेवा संगम से जुड़े कार्यकर्ताओं का कहना है कि सेवा भारती ने पिछले साल 25 हजार से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान किया है। इसके साथ ही दक्षता, स्वास्थ्य, कौशल विकास और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में संगठन लगातार काम कर रहा है। सेवा भारती द्वारा वंचित, अभावग्रस्त, उपेक्षित और पीड़ित बंधुओं की सेवा करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं को प्रोत्साहन और सहयोग करने वाली संस्था है। हमारा लक्ष्य हर व्यक्ति तक रोजगार पहुंचकर उसे आत्मनिर्भर बनाना है।

संगम में संघ प्रमुख डॉ. मोहन राव भागवत के साथ ही संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, जॉर्डन आश्रम के स्वामी महेश्वरानंद महाराज सहित देशभर के कई संत शामिल होंगे। वहीं पीरामल ग्रुप के अजय पीरामल भी संगम में हिस्सा लेंगे। 3 दिन तक चलने वाले सेवा संगम के लिए केशव विद्यापीठ को अलग-अलग नगरों का रूप दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें