मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी
- फोटो : ANI
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि गुरुवार को पहलगाम आतंकी हमले को लेकर हुई सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैरहाजिरी का मुद्दा उठाया, लेकिन साथ ही यह भी साफ किया कि आतंकवाद से निपटने के लिए जो भी कदम सरकार उठाएगी, उसमें पूरा सहयोग दिया जाएगा। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। इस दौरान खरगे ने कहा कि हमले की सभी ने एक सुर में निंदा की और कहा कि यह समय एकजुट होकर देश को मजबूती से जवाब देने का है।
यह भी पढ़ें -
Pahalgam: आतंकी हमले को उग्रवादी लिखने पर न्यूयॉर्क टाइम्स को अमेरिकी सरकार की लताड़, कहा- अखबार हकीकत से दूर
पीएम मोदी की अनुपस्थिति पर सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पत्रकारों से कहा, 'हमने कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति जरूरी थी क्योंकि वही अंतिम फैसला लेने की ताकत रखते हैं। सरकार की ओर से कहा गया कि बाद में जानकारी दी जाएगी, लेकिन हमने कहा कि फैसले लेने के लिए चीजों को सीधे सुनना ज्यादा जरूरी है।'
सुरक्षा चूक पर सभी ने जताई चिंता
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष ने बैठक में यह सवाल भी उठाया कि तीन स्तर की सुरक्षा होने के बावजूद ऐसी गंभीर चूक कैसे हुई, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। खरगे ने बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि अगर इतनी बड़ी संख्या में लोग बैसरण जा रहे थे, तो पुलिस को जानकारी होनी चाहिए थी।
विपक्ष ने एकजुटता का दिया संदेश
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'हम सबने मिलकर कहा कि देशहित में सरकार जो भी कार्रवाई करेगी, हम उसके साथ हैं। हमें एकजुट रहकर देश को यह संदेश देना है कि पूरा भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है।'
अमरनाथ यात्रा और सोशल मीडिया पर भी चर्चा
उन्होंने बताया कि बैठक में आगामी अमरनाथ यात्रा के दौरान सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी बात हुई। साथ ही, यह चिंता भी जताई गई कि सोशल मीडिया पर हो रहे ध्रुवीकरण की कोशिशों को रोका जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें -
Pahalgam Attack: 'आतंकियों के सामने बिंदी उतारी, अल्लाहु अकबर के नारे लगाए', पीड़िता की बात सुन खौल उठेगा खून
पाकिस्तान पर भारत की सख्ती
पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट सुरक्षा समिति (सीसीएस) की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। इसमें-
- पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों को देश से निष्कासित किया गया।
- 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित किया गया।
- अटारी लैंड ट्रांजिट पोस्ट को तुरंत बंद करने का आदेश दिया गया।
- राजनयिक संबंधों को घटाया गया है।