भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि महीने के अंत तक भारत के अधिकांश हिस्सों में लू की स्थिति लौटने के आसार नहीं है और शुक्रवार से उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में फिर से बारिश का दौर शुर हो सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में रविवार को अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में यह 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु समेत इन इलाकों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने कहा कि अगले सात दिनों के दौरान देश में लू चलने की आशंका नहीं है। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 26 अप्रैल से और उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में 28 अप्रैल से बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ के दक्षिणी जिलों में गरज या ओलावृष्टि की भी भविष्यवाणी की है। तमिलनाडु और केरल में अगले 3-4 दिनों तक आंधी या बारिश जारी रहने की संभावना है।
दक्षिणी छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में हो सकती है ओलावृष्टि
विभाग ने कहा कि तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 24 अप्रैल को, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 28 अप्रैल को, केरल में 24 से 27 अप्रैल तक और तेलंगाना में 27 अप्रैल को भारी बारिश होने का अनुमान है। तेलंगाना में 24-26 अप्रैल, मध्य महाराष्ट्र में 25-27 अप्रैल, दक्षिण छत्तीसगढ़ में 25-26 अप्रैल और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 अप्रैल को ओलावृष्टि हो सकती है।