Shatabdi, Rajdhani, Duronto trains
रेलवे फ्लेक्सी फेयर स्कीम पूरी तरह से खत्म नहीं करने जा रही है। हां, इस स्कीम में कुछ बदलाव किये जाने की जरूर योजना बनाई जा रही है। रेल मंत्रालय की ओर से फ्लेक्सी फेयर को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब यह साफ संकेत दे दिया गया है।
मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि फ्लेक्सी फेयर से रेलवे को खासी आमदनी हो रही है। रेलवे का तर्क है कि हजारों की तादाद में चल रही ट्रेनों में से सिर्फ 168 ट्रेनें ही ऐसी हैं, जिनमें फ्लेक्सी फेयर सिस्टम लागू है।
इस सिस्टम के लागू होने के बाद से राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी ट्रेनों में सीटें जैसे -जैसे बुक होती जाती हैं, किराए में बढ़ोतरी होती जाती है। हालांकि सूत्रों का यह भी कहना है कि रेलमंत्री गोयल ने अभी फ्लेक्सी फेयर के बारे में समिति की रिपोर्ट को पूरी तरह से नहीं देखा है। लेकिन इस किराया प्रणाली को खत्म नहीं किया जाएगा। रेलवे ने पूर्व रेल मंत्री सुरेश प्रभु के उस दावे से भी किनारा कर लिया है कि जिसमें उन्होंने कहा था कि 2020 तक ऑन डिमांड रेल टिकट उपलब्ध कराया जाएगा।