यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए रेलवे इस गर्मी के मौसम में कई जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, रेलवे गर्मी के सीजन में 217 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। यह ट्रेनें 4,010 फेरे लगाएंगी। इससे यात्रियों को ट्रेनों का विकल्प और वेटिंग से राहत मिलने की उम्मीद है। रेल मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि विशेष रेलगाड़ियों को देश भर के प्रमुख स्थलों को रेल मार्गों से जोड़ने की योजना बनाई गई है। दक्षिण पश्चिम रेलवे सबसे अधिक 69 और और दक्षिण मध्य रेलवे ने 48 विशेष ट्रेनों को चलाने की तैयारी की है। पश्चिम रेलवे ऐसी 40 और दक्षिण रेलवे ने 20 विशेष ट्रेनों को अधिसूचित किया है।
रेलवे के मुताबिक, पूर्व मध्य रेलवे और मध्य रेलवे जैसे क्षेत्रों ने 10-10 विशेष ट्रेनों को चलाने की तैयारी की है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने भी 16 ट्रेनों को अधिसूचित किया है। गर्मी के मौसम में आमतौर पर रेल यात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी जाती है। ऐसे में विशेष ट्रेनों का उद्देश्य भीड़ को कम करना और यात्रा को आसान बनाना होता है।