भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता को लेकर कड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने अपनी ही कंपनी आईआरसीटीसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई 15 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 21896 (पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस) में सामने आई अनियमितता और यात्री की ओर से भोजन की गुणवत्ता को लेकर की गई शिकायत के बाद की गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने तुरंत जांच और कार्रवाई की। इसके साथ ही संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है और उसका अनुबंध भी समाप्त करने का आदेश दिया गया है।रेलवे ने साफ कहा है, यात्रियों की सुरक्षा और खान-पान की गुणवत्ता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भारतीय रेलवे अपने विशाल नेटवर्क के जरिए आईआरसीटीसी के माध्यम से हर दिन 15 लाख से ज्यादा यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराता है, जो दुनिया के सबसे बड़े ऑनबोर्ड फूड ऑपरेशनों में से एक माना जाता है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाती है।