रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सुनीत शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली, आंध्र प्रदेश और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों ने रेल वैगन के माध्यम से चिकित्सकीय लिक्विड ऑक्सीजन का परिवहन करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने अभी हमें कुछ ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ ट्रेनों के लिए आग्रह भेजा है। हम दिल्ली सरकार के साथ संपर्क में हैं और हमने उनसे कहा है कि अपने टैंकर तैयार रखें।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की ऑक्सीजन की मांग राउरकेला की ओर से पूरी किए जाने की संभावना है, जबकि आंध्र प्रदेश की मांग अंगुल, ओडिशा की ओर से पूरी किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि उत्तर प्रदेश के लिए ‘प्राणवायु’ ले जा रही ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ 24 अप्रैल को लखनऊ पहुंचेगी। ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ के प्रत्येक टैंकर में 16 टन ऑक्सीजन होती है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बाद आंध्र प्रदेश तथा दिल्ली ने 'ऑक्सीजन एक्सप्रेस' ट्रेन सेवा मांगी है। शर्मा ने कहा कि 'ऑक्सीजन एक्सप्रेस' ट्रेन 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं। उन्होंने कहा कि हमें बिलकुल अभी दिल्ली सरकार से आग्रह मिला है और हम अभी इसके आवागमन की योजना बना रहे हैं। हमें राउरकेला से ऑक्सीजन मिलने की संभावना है। हमने दिल्ली सरकार से अपने ट्रक तैयार रखने को कहा है, और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हमारे वैगन, रैंप तैयार हैं।
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि आंध्र प्रदेश ने ओडिशा के अंगुल से ऑक्सीजन लाने को कहा है। शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश जा रही 'ऑक्सीजन एक्सप्रेस' ट्रेन शनिवार को लखनऊ पहुंचेगी और प्राणवायु लेकर महाराष्ट्र जा रही 'ऑक्सीजन एक्सप्रेस' शुक्रवार रात नागपुर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि लगभग 93,000 रेलवे लाभार्थी कोविड-19 से प्रभावित हैं, और 72 रेलवे अस्पताल तथा पांच हजार बिस्तर उनकी देखभाल के लिए समर्पित हैं।