फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोट बंद का असरः रेलवे ने बेचे एक दिन में 25 करोड़ के टिकट, 50% तक बढ़ी टिकट बिक्री

Thu, 10 Nov 2016 04:42 AM IST
नवनीत शरण/ अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट बंद होने के बाद रेलवे के टिकट काउंटर पर टिकट की बिक्री बढ़ गई है। ये नोट रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटर पर स्वीकार किए जाने के कारण अचानक से टिकट राशि अन्य दिनों के मुकाबले बुधवार दोपहर तक करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ गई।
विज्ञापन


रात आठ बजे काउंटर बंद होने तक इसके सामान्य दिनों की अपेक्षा 65 से 70 फीसदी बढ़ जाने की उम्मीद थी। हालांकि वेबसाइट से टिकट बुक कराने वालों की संख्या कम हो गई। 

दरअसल, सरकार की घोषणा के बाद चालाक लोगों ने इस तरह से ब्लैक को व्हाइट करने का तरीका भी ढूंढ लिया, तो कुछ लोग छुट्टा कराने के लिए साधारण टिकट ले रहे हैं। बुधवार का दिन रेलवे के लिए कमाई का दिन रहा।
विज्ञापन


रेलवे अधिकारियों के अनुसार टिकट खिड़की से दोपहर दो बजे तक करीब 50 प्रतिशत से ज्यादा के टिकट लोगों ने बुक कराए। अनुमान है कि रात आठ बजे आरक्षित टिकट काउंटर बंद होने तक यह आंकड़ा 65-75 प्रतिशत को पार कर जाए।

रेलवे बोर्ड के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार हर दिन तकरीबन 16 करोड़ रुपये के टिकट बुक होते हैं, जबकि  बुधवार दोपहर तक यह आंकड़ा 24 करोड़ रुपये को पार कर गया। मजे की बात यह है कि यात्रियों की संख्या तो नहीं बढ़ी, लेकिन टिकट बुक कराने वाले की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई। 

टिकट बुक कराने वालों में यह भी देखने को मिला कि सबसे ज्यादा टिकट बुक एसी के हुए, इनमें भी एसी फर्स्ट व सेकेंड के सबसे अधिक हुए। इतना ही नहीं राजधानी, दुरंतो ट्रेन में फ्लैक्सी रेट व प्रीमियम ट्रेनों की टिकट की भी जमकर बुकिंग हुई।

दरअसल टिकट बुक कराने वालों की यह सोच है कि टिकट कुछ दिनों के बाद निरस्त करा देंगे और टिकट काउंटर से नए नोटों के रूप में पैसा वापस ले लेंगे।

उधर, रेलवे ने भी इसे देखते हुए पंद्रह हजार रुपये से ज्यादा राशि के टिकट बुक कराने वालों को सुबह ग्यारह बजे के बाद आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया तो पचास हजार रुपये के टिकट बुक कराने वालों से पैन कार्ड नंबर लेना शुरू कर दिया है। इस तरह से रेलवे टिकट निरस्त करने वालों पर नजर रख सकेगा। 

रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने इस मामले में कहा है कि टिकट बुक कराने वालों पर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से आम लोगों को कोई परेशानी नहीं है, इतना जरूर है जो पैसा दबा कर रखे है उन्हें परेशान होना पड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें