रेल यात्रा करने वालों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया हैं। भारतीय रेलवे ने अपने आरक्षण सिस्टम में तकनीकी अपग्रेड की घोषणा की है। इस काम के चलते दिल्ली स्थित रेलवे पीआरएस अगले हफ्ते 1 नवंबर की आधी रात से 2 नवंबर की सुबह तक, यानी रात 12:05 बजे से 2:05 बजे तक, लगभग दो घंटे के लिए बंद रहेगा। इस दौरान रेलवे अपने पुराने कोर स्विच को नए कोर स्विच में बदलेगा, जिससे आने वाले समय में यात्रियों को और तेज़ तथा भरोसेमंद सेवा मिल सके।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह काम सिस्टम को अपडेट और आधुनिक तकनीक से लैस करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अपग्रेड के दौरान दिल्ली पीआरएस से जुड़ी कई सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहेंगी। इनमें इंटरनेट टिकट बुकिंग, टिकट कैंसिलेशन, करंट रिजर्वेशन, चार्टिंग, पीआरआर पूछताछ, ईडीआर, प्राइमस एप्लीकेशन और एनटीईएस सेवाएं शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस दौरान टिकट बुकिंग या यात्रा योजनाओं से संबंधित कार्य करने से बचें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे 1 नवंबर की रात से पहले या 2 नवंबर की सुबह के बाद ही बुकिंग, कैंसिलेशन या अन्य लेनदेन करें।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह बंदी अस्थायी होगी। जैसे ही निर्धारित तकनीकी कार्य पूरा हो जाएगा, सभी सेवाएं सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएंगी। रेलवे ने कहा कि यह तकनीकी बदलाव उसकी डिजिटल प्रणाली को मजबूत और भविष्य के लिए तैयार करने की योजना का हिस्सा है।
इस तरह के अपग्रेड रेलवे को बेहतर नेटवर्क, तेज़ बुकिंग प्रक्रिया और कम तकनीकी गड़बड़ियों में मदद करेंगे। अधिकारियों के अनुसार, इस काम को आधी रात में इसलिए निर्धारित किया गया है ताकि यात्रियों की यात्रा और टिकट सेवाओं पर न्यूनतम असर पड़े।
रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस पूरे कार्य की निगरानी विशेषज्ञ टीम करेगी, ताकि किसी भी तरह की समस्या आने पर तुरंत समाधान किया जा सके। निर्धारित अपग्रेड पूरा होते ही सिस्टम फिर से सामान्य गति से चलने लगेगा और यात्रियों को पहले से ज्यादा तेज़ और विश्वसनीय सेवा मिलेगी।