एयरलाइंस और होटलों की तरह जल्द ही रेलवे भी टिकटों पर तरह-तरह के लुभावने ऑफर देने की तैयारी में है। ट्रेनों में पूरी बुकिंग न होने पर ये ऑफर दिए जाएंगे।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को संकेत दिया कि फ्लेक्सी फेयर सिस्टम को पूरी तरह बदल जाएगा। उनकी टिप्पणी तब आई है, जब कुछ ही दिन पहले रेलवे बोर्ड ने 6 सदस्यों की कमेटी बनाकर उसे फ्लेक्सी फेयर सिस्टम की समीक्षा करने का जिम्मा सौंपा है।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिन भर चले मंथन के बाद गोयल ने कहा, ‘एयरलाइंस और होटलों की तरह डाइनामिक प्राइसिंग का अध्ययन किया जा रहा है। अभी तक हम कहते रहे हैं कि कीमतें ज्यादा नहीं होनी चाहिए, लेकिन मैं एक कदम आगे जाना चाहता हूं। मैं उस संभावना को तलाश रहा हूं, जिसमें ट्रेन में सीटें खाली होने पर एयरलाइंस की तरह रेलवे टिकटों पर भी छूट दी जाए।’
गोयल ने कहा, हम अश्विनी लोहानी (रेलवे बोर्ड के चेयरमैन) के अनुभव का फायदा लेंगे। उन्होंने कहा, जैसे होटलों में डाइनैमिक प्राइसिंग है। पहले कीमतें कम होती हैं, इसके बाद कीमत बढ़ती है और अंत में जब कमरे खाली रहते हैं तो आप होटल बुकिंग या वेबसाइटों के जरिये छूट पाते हैं।
उन्होंने पूछा, फ्लेक्सी फेयर का मतलब सिर्फ टिकटों की कीमतें बढ़ाना ही क्यों समझा गया? रेल मंत्री ने कहा, जिस तरह एयरलाइंस और होटलों में ग्राहक को अंतिम समय में छूट मिलती है, कम भीड़ वाले मार्गों पर रेलवे को भी छूट देनी चाहिए।